रायबरेली पहुंचीं अपर्णा यादव, छात्राओं-महिलाओं की सुनीं समस्याएं, विपक्ष पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने हरचंदपुर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, बालिका निकेतन का किया निरीक्षण, बोलीं- नीट पेपर लीक मामले में दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

विजय पटेल
रायबरेली, 24 जुलाई 2026ः
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव मासिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत रायबरेली पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने हरचंदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बालिका निकेतन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं व महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

अपर्णा यादव ने मीडिया से बातचीत में नीट परीक्षा पेपर लीक और अन्य समसामयिक मामलों पर कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार व अराजकता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा मिलेगी।
विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन संसद की कार्यवाही बाधित करना और अनुशासनहीनता फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने रायबरेली की जनता से आगामी विधानसभा चुनावों में सोच-समझकर निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता सब देख रही है।






