लखनऊ, 18 जून 2026:
यूपी की राजनीति में समाजवादी पार्टी के भीतर संभावित बगावत को लेकर बयानबाजी ने नया सियासी भूचाल खड़ा कर दिया है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा में टूट होने का दावा करते हुए संकेत दिया है कि पार्टी के कुछ सांसद जल्द ही बगावती तेवर अपना सकते हैं। 24 घंटों में यह तीसरा मौका है जब राजभर ने सपा में बड़ी टूट की भविष्यवाणी की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुरुवार सुबह किए गए पोस्ट में राजभर ने लिखा कि लोग उनसे लगातार पूछ रहे हैं कि सपा में क्या टूट होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ बलिया का एक नेता करेगा। राजभर ने आरोप लगाया कि हाल ही में सपा कार्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन के दौरान ब्राह्मण समाज का तिरस्कार किया गया।
इससे बलिया का वह नेता बेहद आहत है। उन्होंने कहा कि बगावत की योजना पहले से थी लेकिन इस घटना ने ‘आग में घी’ डालने का काम किया है। राजभर के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका इशारा बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय की ओर हो सकता है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजभर के आरोपों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भविष्यवाणी करने वाले पहले अपनी पार्टी का भविष्य बताएं कि भाजपा उन्हें 75 सीटें दे रही है, 50 या सिर्फ आश्वासन। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जो एडवांस लिया गया है, उसे लोग ढूंढ रहे हैं।
इसके जवाब में राजभर ने अखिलेश के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि अखिलेश गोलू टाइप इंसान हैं। चाचा ने निपटाने की सुपारी ले रखी है। आपकी लंका में आग लगने वाली है, बचा सकते हैं तो अपनी पार्टी को बचा लीजिए।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी हाल ही में दावा कर चुके हैं कि सपा के 25 से 26 सांसद पार्टी छोड़ने की स्थिति में हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती। अब राजभर और सपा नेतृत्व के बीच बढ़ती बयानबाजी ने प्रदेश की सियासत को और गर्मा दिया है।






