
सीतापुर, 21 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर जिले में लहरपुर तहसील क्षेत्र की उचित दर दुकान की जांच में राशन के स्टॉक में बड़ी कमी मिलने का मामला सामने आया है। दुकान में रिकॉर्ड के मुताबिक 63.192 क्विंटल गेहूं और 94.048 क्विंटल चावल होना चाहिए था, लेकिन मौके पर करीब 12 क्विंटल गेहूं और 19 क्विंटल चावल ही मिला। 0.36 क्विंटल चीनी भी मौके पर नहीं मिली। जांच के बाद कोटेदार मिस्बाहुद्दीन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
लहरपुर के मोहल्ला अम्बर सराय निवासी सोनू की शिकायत पर एसडीएम लहरपुर ने कोटे की दुकान की जांच कराई थी। शिकायत में कोटेदार के पुत्र पर खाद्यान्न बेचने का आरोप लगाया गया था। जांच खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों के बजाय दूसरे अधिकारियों से कराने की मांग भी की थी। जांच के दौरान दुकान पर स्टॉक रजिस्टर और ई-पॉस मशीन नहीं मिली। विभागीय वेबसाइट पर दर्ज स्टॉक का मौके पर मौजूद खाद्यान्न से मिलान किया गया। जांच में सरकारी रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक के बीच बड़ा अंतर सामने आया।
रिकॉर्ड में 94 क्विंटल चावल, मौके पर करीब 19 क्विंटल
पूर्ति निरीक्षक और नायब तहसीलदार परसेंडी ने संयुक्त रूप से दुकान की दोबारा जांच की। मौके पर चावल की 36 पूरी बोरियां और दो बोरी लूज चावल मिले। इनका कुल वजन करीब 19 क्विंटल बताया गया। गेहूं की 22 पूरी बोरियां और दो बोरी लूज गेहूं मिला, जिसका कुल वजन करीब 12 क्विंटल था। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक दुकान में 63.192 क्विंटल गेहूं, 94.048 क्विंटल चावल और 0.36 क्विंटल चीनी उपलब्ध होनी चाहिए थी। जांच रिपोर्ट में 51.192 क्विंटल गेहूं, 75.048 क्विंटल चावल और 0.36 क्विंटल चीनी की कमी बताई गई है।
जांच रिपोर्ट में कालाबाजारी का आरोप
जांच रिपोर्ट के मुताबिक निर्धारित स्टॉक की तुलना में बड़ी मात्रा में खाद्यान्न कम मिला। रिपोर्ट में कहा गया है कि राशन कार्डधारकों में वितरण के लिए उठाए गए खाद्यान्न को वितरित नहीं किया गया और उसकी कालाबाजारी की गई। मौके पर मिले खाद्यान्न को भी जांच के दौरान खराब गुणवत्ता का बताया गया।
40 कार्डधारकों के लिए गए बयान, गंभीर आरोप लगे
जांच के दौरान जांच के दौरान कुल 40 राशन कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। इनमें अधिकांश ने कोटेदार से समय पर पूरा राशन मिलने और वितरण व्यवस्था को लेकर कोई शिकायत नहीं होने की बात कही। चार राशन कार्डधारकों के बयान भी दर्ज किए गए। इनमें राशन लेने के दौरान अभद्रता, कम राशन देने, खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न देने और शिकायत करने पर राशन कार्ड कटवाने की धमकी देने के आरोप लगाए गए। कुछ कार्डधारकों ने यह भी कहा कि कोटेदार का पुत्र अमन नाम के युवक से मारपीट कर चुका है। एक शिकायतकर्ता के मुताबिक घर की महिलाओं को राशन लेने जाने पर भी अभद्रता का सामना करना पड़ता है।






