4 मई, दीदी गई… के गूंजे नारे, योगी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, बांकुड़ा में गरजे ‘बुलडोजर बाबा’
देखो-देखो, कौन आया, शेर आया-शेर आया... से गूंज उठा इलाका, भगवा रंग में रंगी सड़कों पर दिखा जबरदस्त उत्साह, CM योगी बोले- टीएमसी मुक्त बंगाल का समय आ गया
बांकुड़ा/कोलकाता, 19 अप्रैल 2026:
पश्चिम बंगाल की सियासत शनिवार को उस वक्त गरमा गई जब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का बांकुड़ा में भव्य रोड शो हुआ। ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से लोकप्रिय योगी को अपने बीच पाकर स्थानीय नागरिकों का उत्साह चरम पर नजर आया। सड़कों के दोनों ओर उमड़े जनसैलाब ने गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया। ‘देखो-देखो, कौन आया, शेर आया-शेर आया’ और ‘योगी जी सुस्वागतम’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
रोड शो के दौरान लोगों का उत्साह इस कदर था कि महिलाएं और बच्चे भी घरों की छतों पर चढ़कर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को बेताब दिखे। जैसे ही योगी का काफिला गुजरता, लोग हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते और अपने मोबाइल में इस पल को कैद करते नजर आए। भगवा पगड़ी पहने योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ हिलाकर और नमस्कार कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

इस दौरान समर्थकों ने ‘एक ही नारा-एक ही नाम, जय श्रीराम-जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग दिया। वहीं, ‘4 मई, दीदी गई’ जैसे नारों ने चुनावी माहौल को और भी गरमा दिया। रोड शो में बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के समर्थन में योगी ने जनता से वोट देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि आमार सोनार बांग्ला, अब टीएमसी मुक्तो बांग्ला बनने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों ने बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुंचाया है।

योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा का मतलब सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित दाम, महिलाओं की सुरक्षा और विरासत का संरक्षण है। उन्होंने ‘डबल इंजन सरकार’ को विकास की गति तेज करने वाला बताया। बांकुड़ा की सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने संकेत दिया कि चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है जहां हर दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहा है।






