बच्चों के लिए लखनऊ मेट्रो की खास पहल, हजरतगंज स्टेशन पर बाल पुस्तक कार्निवल

लखनऊ, 2 अप्रैल 2025:
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने साहित्य प्रेमियों के लिए एक विशेष पहल की है। बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों को और अधिक रोचक बनाने के लिए यूपीएमआरसी ने लखनऊ बुक फेयर के सहयोग से ‘बाल पुस्तक कार्निवल’ का आयोजन किया है। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को शुरू हुआ ये कार्निवाल 20 अप्रैल तक चलेगा।
कार्यशालाओं में लै सकेंगे हिस्सा
इस 20 दिवसीय पुस्तक कार्निवल में बच्चों और युवा पाठकों को विभिन्न प्रकार की पुस्तकों का अवलोकन करने, संवादात्मक कहानी सत्रों में भाग लेने और रचनात्मक कार्यशालाओं का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। इस दौरान आगंतुक लेखकों से मिल सकते हैं। रोमांचक किताबें पढ़ने के साथ विशेष छूट का लाभ उठा सकते हैं।
दो अन्य पुस्तक मेलों का भी आयोजन
इसके अलावा लखनऊ के हजरतगंज और चारबाग मेट्रो स्टेशनों पर दो अन्य पुस्तक मेले भी आयोजित किए जा रहे हैं। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित बुकफ्लिक्स बुक फेयर 9 मई तक चलेगा। चारबाग मेट्रो स्टेशन पर क्विवर बुक फेयर 2 मई तक आयोजित होगा। इन मेलों में आत्मकथा, इतिहास, फिक्शन, नॉन-फिक्शन, विज्ञान, तकनीकी, कला, संस्कृति और बच्चों के लिए ढेरों रोचक पुस्तकें उपलब्ध हैं।







