Business

शेयर बाजार में जोरदार तेजी…सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 24450 के पार

कच्चे तेल में नरमी से बाजार को सहारा, बैंकिंग और मेटल शेयरों में खरीदारी तेज, रुपया हल्का कमजोर, विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच भी बाजार में मजबूती

बिजनेस डेस्क, 21 अप्रैल 2026:

मंगलवार को शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी 24,450 के ऊपर निकल गया। ग्लोबल संकेत बेहतर रहने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में खरीदारी दिखी।

कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 445.82 अंक उछलकर 78,966.12 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 121.15 अंक बढ़कर 24,486 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बैंकिंग और इंफ्रा सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। अदाणी पोर्ट्स, ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक जैसे शेयर करीब 2 फीसदी तक चढ़े।

दूसरी तरफ आईटी और सीमेंट सेक्टर में दबाव दिखा। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट जैसे शेयरों में शुरुआती गिरावट रही। वैश्विक संकेतों का असर भी बाजार पर साफ दिखा। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की खबरों से निवेशकों को राहत मिली। साथ ही ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर से नीचे रहने से बाजार का मूड पॉजिटिव बना रहा। कच्चा तेल करीब 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखा।

करेंसी मार्केट की बात करें तो रुपया डॉलर के मुकाबले 16 पैसे गिरकर 93.32 पर आ गया। हालांकि घरेलू बाजार में तेजी और विदेशी फंड फ्लो ने गिरावट को सीमित रखा। ट्रेडर्स के मुताबिक ग्लोबल अनिश्चितता अभी बनी हुई है, जिसका असर रुपये पर पड़ रहा है।

एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे, जबकि चीन का शंघाई इंडेक्स हल्की गिरावट में दिखा। अमेरिकी बाजार पिछला सत्र गिरावट के साथ बंद हुए थे।

विदेशी निवेशकों की बात करें तो सोमवार को एफआईआई ने 1,059 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। इसके बावजूद घरेलू बाजार में खरीदारी बनी रही, जिससे इंडेक्स ऊपर टिके रहे। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल बाजार खबरों के आधार पर चल रहा है। कच्चे तेल की कीमतें और पश्चिम एशिया की स्थिति आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button