Entertainment

फिल्म ‘जन नायकन’ को सुप्रीम कोर्ट से झटका… याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, अब हाई कोर्ट तय करेगा इसका भविष्य

सुप्रीम कोर्ट के इनकार के बाद थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन की रिलीज पर सस्पेंस और गहरा गया है। अब 20 जनवरी को हाई कोर्ट का फैसला तय करेगा

मनोरंजन डेस्क, 15 जनवरी 2026:

दक्षिण सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज पर संकट और गहरा गया है। आज सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के निर्माताओं की याचिका पर सुनवाई करने से साफ इनकार कर दिया। अदालत ने साफ कहा कि इस मामले में राहत के लिए हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच का रुख किया जाए।

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि इस मामले की सुनवाई मद्रास हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में की जाए और यह सुनवाई 20 जनवरी 2026 को तय की गई है। इससे पहले मद्रास हाई कोर्ट के एक सिंगल जज ने फिल्म को सेंसर क्लीयरेंस देने का आदेश दिया था, लेकिन बाद में उस आदेश पर रोक लगा दी गई थी। इसी रोक को चुनौती देने के लिए मेकर्स सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे, जहां से उन्हें फिलहाल निराशा हाथ लगी।

WhatsApp Image 2026-01-15 at 3.26.48 PM

इस फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से सर्टिफिकेट (CBFC) मिलने में लंबे समय से दिक्कतें आ रही हैं। इसी कारण फिल्म अपनी तय रिलीज डेट 9 जनवरी 2026 पर सिनेमाघरों में नहीं आ सकी। सर्टिफिकेट न मिलने के चलते मेकर्स को रिलीज टालनी पड़ी और अब पूरा मामला कोर्ट के फैसले पर निर्भर करता है।

फिल्म के प्रोड्यूसर Venkat K. Narayana ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा कर कहा कि यह वक्त पूरी टीम के लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में सैकड़ों लोगों की मेहनत और भावनाएं जुड़ी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विजय अपने करियर की ऐसी विदाई के हकदार हैं, जो उनके फैंस के प्यार और वर्षों की मेहनत को दर्शाए।

निर्देशक एच. विनोद की इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रियामणि जैसे बड़े कलाकार नजर आएंगे। चूंकि विजय अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं, इसलिए ‘जन नायकन’ को उनकी आखिरी फिल्म के रूप में देखा जा रहा है। यही वजह है कि फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद भावुक हैं और अब सबकी नजरें 20 जनवरी को होने वाली हाई कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button