जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा… मरीजों से रूबरू हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य
आईसीयू, पीआईसीयू और एमआरसी का निरीक्षण, सीएमएस के काम की सराहना, मरीज बच्चों का खुद किया परीक्षण
विजय पटेल
रायबरेली, 27 जनवरी 2026:
अपर निदेशक स्वास्थ्य जेपी गुप्ता ने रायबरेली जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईसीयू, पीआईसीयू वार्ड और कुपोषण पुनर्वास केंद्र का जायजा लिया और वहां मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक स्वास्थ्य ने मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई की व्यवस्था और अस्पताल की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने मरीजों के लिए उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता भी देखी और संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। इस दौरान वार्ड में भर्ती कुछ मरीज बच्चों का हाल जाना और खुद उनका परीक्षण किया।

कई घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान किसी भी तरह की गंभीर कमी या शिकायत सामने नहीं आई। व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए अपर निदेशक स्वास्थ्य ने जिला अस्पताल के सीएमएस की सराहना करते हुए उनके कार्य को सराहनीय बताया। निरीक्षण के समय अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली।






