लखनऊ, 22 अप्रैल 2026:
यूपी ने प्रशासनिक दक्षता और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग (iGOT) कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर देशभर में लगभग 40 प्रतिशत योगदान दर्ज कराया है। प्रदेश के 14.25 लाख से अधिक कर्मियों ने मिलकर 1.25 करोड़ से ज्यादा शिक्षण घंटे पूरे किए। यह अपने आप में एक नया कीर्तिमान है।
यह उपलब्धि सरकारी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के प्रमाण के साथ उनके अनुशासन, प्रतिबद्धता और सतत अधिगम के प्रति सकारात्मक सोच को भी दर्शाती है। 2 से 10 अप्रैल तक आयोजित मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह के दौरान प्रदेश ने ओवरऑल बेस्ट परफॉर्मेंस श्रेणी में देश में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी मजबूत प्रशासनिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
साधना सप्ताह के दौरान प्रदेश के 11.3 लाख से अधिक कर्मचारियों ने न्यूनतम 4 घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया। इस अभियान ने न केवल कार्यक्षमता बढ़ाई बल्कि कर्मचारियों के व्यवहार, कार्यशैली और सेवा दृष्टिकोण में भी सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। यह पहल शासन प्रणाली में गुणात्मक सुधार की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।
सीएम योगी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सभी अधिकारी-कर्मचारियों, संबंधित विभागों और नोडल संस्था ‘उपाम’ की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और प्रोत्साहनात्मक प्रयासों की अहम भूमिका रही है। यह सराहनीय है।
इस अभियान का उद्देश्य तकनीकी रूप से दक्ष और सक्षम प्रशासनिक ढांचा तैयार करना, भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ विकसित करना और नागरिकों को शासन के केंद्र में रखते हुए प्रभावी व मापनीय परिणाम सुनिश्चित करना है। उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






