लखनऊ, 21 मार्च 2026:
यूपी ने इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नौ वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन दर्ज करते हुए खुद को देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल कर लिया है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, रेल, जलमार्ग, ऊर्जा और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है। इससे विकास को नई गति मिली है।
प्रदेश में सड़क नेटवर्क के विस्तार ने विकास की मजबूत नींव रखी है। वर्ष 2017 के बाद से 63,383 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया है। 35,433 किलोमीटर नई ग्रामीण सड़कों का निर्माण कर गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया है। प्रतिदिन औसतन 19 किलोमीटर सड़क निर्माण की रफ्तार राज्य की तीव्र प्रगति को दर्शाती है। इसके साथ ही 1,740 पुलों का निर्माण कर आवागमन को अधिक सुगम बनाया गया है।

एक्सप्रेस-वे के क्षेत्र में प्रदेश ने देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा अब प्रदेश में है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्रीय असमानताओं को कम करते हुए कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। लगभग 99 प्रतिशत पूर्ण हो चुका गंगा एक्सप्रेस-वे पूर्वी और पश्चिमी यूपी को जोड़ने वाला ऐतिहासिक प्रोजेक्ट बनने जा रहा है।
हवाई कनेक्टिविटी में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं। उनमें चार अंतर्राष्ट्रीय हैं। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद प्रदेश, देश में सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य बन जाएगा। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई उड़ान मिलेगी।
रेल और जलमार्ग के क्षेत्र में भी राज्य ने अपनी स्थिति मजबूत की है। लगभग 16,000 किलोमीटर लंबे रेल नेटवर्क और 11 राष्ट्रीय जलमार्गों के जुड़ाव ने उत्तर प्रदेश को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित किया है। वाराणसी में विकसित मल्टी मॉडल टर्मिनल और 100 एकड़ में तैयार फ्रेट विलेज निर्यात और माल ढुलाई को नई दिशा दे रहे हैं।

प्रदेश के राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ के अनुसार डबल इंजन सरकार के प्रयासों से कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। इससे आम नागरिकों का जीवन आसान हुआ है। वहीं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने इसे विकास, विश्वास और सुशासन का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है।
बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने आम जनजीवन को सरल बनाने के साथ ही निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए हैं। प्रदेश अब मजबूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।






