देहरादून, 7 जून 2026ः
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से मतदाताओं को गणना फार्म बांटे जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ के पास गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं। सात जुलाई तक बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप से डिजिटिलाइज किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ‘बुक ए कॉल विद BLO’ के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट कर या ECI-Net मोबाइल एप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं।
कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे। मतदाताओं द्वारा बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है।
उन्होंने मतदाताओं से अपना पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की। बताया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नहीं लेने होंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट एप से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान अपर कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहता है तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म 6 भर सकता है। दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय उसके फार्म पर विचार किया जाएगा।
READ MORE






