Uttar Pradesh

वीडियो से फंसे सीडीओ : आंगनबाड़ी नियुक्ति में मांगी घूस…डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया सस्पेंड

डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर से पैसे की व्यवस्था कराने की बातचीत सामने आई, शासन तक पहुंचा मामला, जांच शुरू

एटा, 10 मार्च 2026:

एटा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नागेंद्र नारायण मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीडीओ आंगनबाड़ी केंद्रों में नियुक्ति पर 10 हजार रुपये की व्यवस्था कराने की बात करते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

वायरल वीडियो में सीडीओ नागेंद्र नारायण मिश्रा, पोषण अभियान के तहत तैनात डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर संजीव पचौरी से बातचीत करते दिखाई देते हैं। बातचीत के दौरान वह हर आंगनबाड़ी कार्यकत्री से 10 हजार रुपये दिलाने की बात कहते हैं और पचौरी से इसकी व्यवस्था कराने को कहते सुनाई देते हैं। वीडियो में सीडीओ के सामने एक फाइल भी दिखाई दे रही है, जिसमें 10 तारीख के बाद रिजल्ट जारी करने जैसी बातों का जिक्र होता सुनाई देता है।

बताया जा रहा है कि संजीव पचौरी ने इस मांग से खुद को अलग रखते हुए किसी भी तरह के पैसों के लेन-देन में शामिल होने से मना कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और शासन स्तर तक पहुंच गया। नागेंद्र नारायण मिश्रा ग्राम्य विकास सेवा से पदोन्नत होकर सीडीओ बने हैं। वायरल वीडियो के बाद सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सीडीओ नागेंद्र नारायण मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें  "फतेहपुर में 13 साल की बच्ची का दिनदहाड़े अपहरण, दो भाइयों पर मामला दर्ज"

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link