Uttar Pradesh

योगी ने दी 2131 करोड़ की सौगात, कहा…यूपी में अब ‘तुष्टीकरण’ नहीं, ‘संतुष्टिकरण’ की राजनीति

सहारनपुर पहुंचे योगी फतवों से फास्ट कनेक्टिविटी तक का जिक्र कर विपक्ष पर बरसे, कहा-पहले सरकारी पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री, कब्जों और तुष्टीकरण में खर्च होता था, अब वही धन एक्सप्रेसवे, यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स कॉलेज और धार्मिक स्थलों के विकास पर लग रहा

सहारनपुर, 7 मई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सहारनपुर में 2131 करोड़ रुपये की 325 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टिकरण की राजनीति हो रही है। पहले सरकारों का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल, अवैध कब्जों और जातीय-साम्प्रदायिक राजनीति में खर्च होता था, लेकिन अब वही बजट सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, एक्सप्रेसवे और पर्यटन स्थलों के विकास पर लगाया जा रहा है।

योगी ने कहा कि कभी दंगों, कर्फ्यू, पलायन और फतवों के कारण बदनाम रहने वाला सहारनपुर अब विकास, कनेक्टिविटी और उद्योग की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर तेजी से बदली है। पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में छह घंटे लगते थे, अब एक्सप्रेसवे बनने से सफर ढाई घंटे में पूरा हो रहा है। लखनऊ की दूरी भी काफी कम हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2013 से 2016 के बीच पश्चिम यूपी दंगों और अराजकता से जूझ रहा था। व्यापारी डरे रहते थे, नौजवान पलायन कर रहे थे, किसान परेशान था। देवबंद फतवों की वजह से चर्चा में रहता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। सहारनपुर की काष्ठ कला को नई पहचान मिली है और यहां तेजी से औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है।

WhatsApp Image 2026-05-07 at 6.27.38 PM

उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून सिक्स लेन एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट, मेरठ रैपिड रेल और प्रस्तावित एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं से पश्चिम यूपी को नई रफ्तार मिली है। सहारनपुर में इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। मां शाकंभरी धाम तक एलिवेटेड हाईवे बनाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को हर मौसम में बेहतर सुविधा मिल सके।

योगी ने कहा कि जो लोग समाज को जाति और तुष्टीकरण की राजनीति से बांटना चाहते हैं, जनता अब उन्हें जवाब दे चुकी है। विकास की राजनीति ही प्रदेश को आगे ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम यूपी के जिलों में अब विकास की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री ने देवबंद में एटीएस सेंटर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी बातों पर फतवे जारी होते थे। अब सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। जो देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भारत में रहकर देश विरोधी बातें स्वीकार नहीं की जा सकतीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी बांटे। उन्होंने बताया कि 325 परियोजनाओं में 184 परियोजनाओं का लोकार्पण और 141 का शिलान्यास शामिल है। ये परियोजनाएं बेहट, रामपुर मनिहारन, देवबंद, नकुड़, गंगोह, सहारनपुर नगर और देहात क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इस मौके पर प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सैनी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button