पंकज
काकोरी (लखनऊ), 9 जून 2026:
सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही दो युवतियां एक घटना से औरों के लिए हिम्मत की मिसाल बन गईं। पारा इलाके के रामलीला मैदान के पास दोनों छेड़छाड़ की शिकार हो गईं। चारबाग से आलमबाग जाने के लिए ऑटो में बैठीं युवतियों को चालक हसीब कथित तौर पर सुनसान इलाके में ले गया और उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उसने एक युवती के बाल पकड़कर मारपीट भी की। युवतियां पुलिस की मदद से रायबरेली गईं परीक्षा दी। लौटकर एफआईआर दर्ज कराई इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में दबोच लिया।
बताया गया कि दोनों युवतियां लखीमपुर खीरी जिले की रहने वालीं हैं। उनका परीक्षा केंद्र रायबरेली जिले में बनाया गया था। दोनों सोमवार को तड़के चार बजे लखनऊ चारबाग आईं और रायबरेली जाने के लिए आलमबाग के लिए ऑटो पकड़ा। ऑटो चालक ने सुबह के समय रोड पर भीड़ कम होने का फायदा उठाकर उन्हें गुमराह कर ऑटो को गलत रास्ते पर मोड़ दिया।
ऑटो ड्राइवर दोनों को रामलीला मैदान के पास ले गया। यहां उसने युवतियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। पीड़िताओं ने विरोध किया तो ड्राइवर ने बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर आसपास लोगों की आहट हुई तो आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद भी दोनों युवतियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। पारा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पहले उन्हें सुरक्षित रायबरेली स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जहां उन्होंने भर्ती परीक्षा दी।
परीक्षा से लौटने के बाद युवतियों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक देर रात मुन्नूखेड़ा इलाके में घेराबंदी के दौरान आरोपी हसीब को रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वह पहले एक गंभीर आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।






