Hardoi City

खामियों पर दागे सवाल तो भड़क उठा प्रधान पुत्र… बरसने लगे पत्थर, SDM का फूटा सिर

बाढ़ राहत की मॉक ड्रिल की तैयारियों का हाल देखने गांव पहुंचे थे एसडीएम, आरआरसी के अधूरे काम व अन्नपूर्णा भवन में परचून की दुकान पर उठाए सवाल, नाराज प्रधान पुत्र ने ग्रामीणों को बुलाकर भड़काया, पथराव से जख्मी एसडीएम के सिर में लगे पांच टांके, जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की बात कही, बसपा मुखिया मायावती ने की घटना की निंदा

हरदोई, 9 जून 2026:

हरदोई के शाहाबाद क्षेत्र में बाढ़ राहत तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनके सिर में पांच टांके लगाए हैं। पुलिस ने प्रधान व भाजपा नेता के पुत्र पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं इस घटना को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने घटना की निंदा कर अराजक तत्वों पर कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

घटना परियल गांव की है। 11 जून को प्रस्तावित बाढ़ राहत मॉकड्रिल की तैयारियों का जायजा लेने एसडीएम गांव पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अन्नपूर्णा भवन और राहत सामग्री केंद्र (आरआरसी) की व्यवस्था देखी। इसी दौरान आरआरसी भवन में दो दरवाजे न लगे होने पर उन्होंने जानकारी मांगी। यही नहीं अन्नपूर्णा भवन में एक परचून की दुकान भी चल रही थी।

मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान शिवरानी के बेटे उदयवीर राजपूत से जब इस संबंध में सवाल किए गए तो वह नाराज हो गया। एसडीएम ने उसे समझाने के लिए अपने पास बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद उदयवीर ने फोन कर गांव के लोगों और महिलाओं को मौके पर बुला लिया।

SDM Attacked in UP Shocking Village Violence Details (1)

कुछ देर बाद हालात सामान्य होते दिखाई दिए और एसडीएम वहां से लौटने लगे। तभी भीड़ ने अचानक घेराव कर दिया और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान एक पत्थर एसडीएम के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान उनके वाहन पर डंडे बरसाए गए। साथ मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।बाद में उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, डीएम अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बताया गया कि निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आरआरसी में अधूरे कार्य और अन्नपूर्णा भवन की स्थिति की तस्वीरें खींचकर बीडीओ शाहाबाद को भेजी थीं। बीडीओ ने बताया कि आरआरसी का भुगतान पूरा हो चुका है और भवन ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जा चुका है। इसी बात को लेकर मौके पर माहौल गरमा गया था।

परियल ग्राम पंचायत की प्रधान शिवरानी हैं, जबकि उनके पति लालाराम राजपूत जिला पंचायत सदस्य हैं। बताया जा रहा है कि वह लगातार तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं और इन दिनों भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं।

डीएम अनुनय झा ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। घटना में शामिल लोग चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button