Uttarakhand

कैंची धाम में दिखा आस्था का महासंगम… मंदिर में जय गुरुदेव, नीब करौरी बाबा की जय की गूंज

नीब करौरी बाबा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद खुले मंदिर के कपाट, श्रद्धालुओं से पुलिस व स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील

योगेंद्र मलिक

नैनीताल, 15 जून 2026ः

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। नीब करौरी बाबा के दर्शन के लिए सोमवार सुबह से ही श्रद्धालु उमड़ने लगे। वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।

मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार, परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कपाट खुलने से कई घंटे पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा। ‘जय गुरुदेव और बाबा नीब करौरी महाराज की जय’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, ट्रैफिक पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जगह-जगह सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा उपायों पर विशेष निगरानी रखे हुए हैं।

डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि मेले की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि नैनीताल पुलिस सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और पुलिस व स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। कहा कि हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button