Entertainment

भाईजान को भाया फरहान का साथ… किस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर मची हलचल

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित होगी कहानी, फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी में जुटी फरहान अख्तर की टीम

एंटरटेनमेंट डेस्क, 18 जून 2026:

बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान ने निर्देशक फरहान अख्तर के साथ हाथ मिलाया है। बताया जा रहा कि दोनों के बीच बड़े बजट वाली पीरियड फिल्म को लेकर बातचीत चल रही है। सोशल मीडिया पर दोनों के फैंस इस खबर को लेकर काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि एक महीने से सलमान खान और फरहान अख्तर के बीच लगातार मीटिंग हो रही हैं। इन मुलाकातों का मकसद एक ऐसे प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देना है जिसे बॉलीवुड की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा सकता है। बताया जा रहा है कि सलमान को फिल्म की कहानी बेहद पसंद आई है और वह इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी गंभीर हैं।

दिलचस्प बात यह है कि यह कोई साधारण पीरियड फिल्म नहीं होगी। फिल्म को इतने बड़े स्तर पर बनाने की योजना है कि इसे दो भागों में रिलीज किया जा सकता है। विशाल सेट, भव्य युद्ध दृश्य और ऐतिहासिक घटनाओं को आधुनिक तकनीक के साथ पेश करने की तैयारी की जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट करेगी। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो फिल्म की शूटिंग 2027 की गर्मियों में शुरू हो सकती है।

बॉलीवुड इंडस्ट्री के गलियारों में इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। उधर सलमान खान अपने व्यस्त शेड्यूल में भी लगातार नई फिल्मों पर काम कर रहे हैं।

वह इन दिनों निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की एक बड़े बजट की एक्शन फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं जिसमें उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी। यह फिल्म अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा सलमान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ भी चर्चा में बनी हुई है जिसमें चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका निभाएंगी।

वहीं फरहान अख्तर भी अपनी फिल्म डॉन 3 को लेकर सुर्खियों में हैं। रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। अब चर्चा है कि उनकी जगह ऋतिक रोशन फिल्म के नए डॉन बन सकते हैं। अगर यह प्रोजेक्ट साकार होता है तो यह बॉलीवुड की एक बड़े स्तर की पीरियड फिल्मों में से एक साबित हो सकती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button