Entertainment

जब सितारों ने याद किए अपने ‘हीरो’, भावुक पोस्ट से छलका पिता के लिए प्यार

फादर्स डे पर काजोल, अनन्या पांडे, संजय दत्त, हुमा कुरैशी, ईशा देओल समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर साझा कीं यादें, तस्वीरों और इमोशनल संदेशों ने जीता फैंस का दिल

एंटरटेनमेंट डेस्क, 22 जून 2026:

फादर्स डे के खास मौके पर आम लोगों की तरह बॉलीवुड सितारों ने भी अपने पिता के प्रति प्यार, सम्मान और यादों को सोशल मीडिया के जरिए साझा किया। किसी ने बचपन की अनमोल तस्वीर पोस्ट की तो किसी ने भावुक संदेश लिखकर अपने पिता को जीवन का सबसे बड़ा सहारा बताया। इन पोस्ट्स ने फैंस का दिल छूने ख साथ पिता-पुत्र और पिता-पुत्री के रिश्ते की खूबसूरती भी बयां कर दी।

अभिनेत्री काजोल ने अपने दिवंगत पिता और मां तनुजा की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए बेहद भावुक शब्द लिखे। उन्होंने कहा कि पुरानी तस्वीरें देखते हुए यह अहसास होता है कि मेरी हंसी में आप आज भी कितने जिंदा हैं। आपकी हर दिन याद आती है, पापा। हैप्पी फादर्स डे। उनकी इस पोस्ट को फैंस ने खूब पसंद किया।

ईशा देओल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने दिवंगत पिता धर्मेंद्र को याद करते हुए सिर्फ चंद शब्द लिखे ‘लव यू पापा।’ छोटा सा यह संदेश भी उनके पिता के प्रति गहरे स्नेह को बयां कर गया।

हुमा कुरैशी ने भी पिता के साथ कई यादगार तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि बचपन में उन्हें लगता था कि उनके पिता के पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन बड़े होने पर समझ आया कि वे भी जिंदगी की चुनौतियों से जूझते हुए परिवार के लिए हर दिन नए त्याग करते रहे। उनकी इस भावुक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया।

Father's Day 2026 Bollywood Celebs Share Love (1)

अनन्या पांडे ने अपने पिता चंकी पांडे के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्हें फादर्स डे की शुभकामनाएं दीं। वहीं करण देओल ने भी पिता सनी देओल के लिए भावुक पोस्ट साझा की। गौरतलब है कि करण इन दिनों फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ अभिनय भी कर रहे हैं।

कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी बेटियों के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने जीवन में कई किरदार निभाए हैं, लेकिन ‘पापा’ का किरदार उनके लिए सबसे प्यारा, सबसे खास और हमेशा दिल के करीब रहेगा।

जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा श्रॉफ ने भी परिवार की एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें जैकी श्रॉफ, टाइगर श्रॉफ और कृष्णा साथ नजर आ रहे हैं। वहीं संजय दत्त ने अपने दिवंगत पिता सुनील दत्त को याद करते हुए लिखा- पापा, मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। आपको बहुत याद करता हूं। काश आप यहां होते। आप मेरी ताकत हैं और हमेशा रहेंगे।

फादर्स डे पर बॉलीवुड सितारों की इन भावुक पोस्ट्स ने यह संदेश दिया कि समय चाहे कितना भी बदल जाए, पिता का स्नेह, उनका संघर्ष और उनका साथ जीवन की सबसे अनमोल पूंजी बना रहता है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button