आर्थिक तबाही, राजनीतिक दबाव और एक खामोश योद्धा… दमदार है ‘गवर्नर’ का टीजर
द केरला स्टोरी फेम डायरेक्टर विपुल अमृत लाल शाह की फ़िल्म है गवर्नर, मुख्य भूमिका में हैं मनोज बाजपेई, 'जिसने इकोनॉमिक्स पढ़ी नहीं वो देश की इकोनॉमी संभालेगा?’ टीजर की दमदार लाइन ने खींचा ध्यान
एंटरटेनमेंट डेस्क, 8 मई 2026:
आजकल सच्ची घटनाओं और ऐतिहासिक मोड़ पर आधारित फिल्मों का चलन बढ़ा है। इसी कड़ी में ‘द केरला स्टोरी’ जैसी चर्चित फिल्में देने वाले निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने अपने अगले प्रोजेक्ट ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ की पहली झलक लोगों के सामने पेश की है।
जब भारत का सोना हुआ गिरवी
टीजर में 1990 के उस आर्थिक संकट की झलक दिखाई गई है जब भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग खत्म हो चुका था और हालात इतने खराब थे कि देश को अपना सोना तक गिरवी रखना पड़ा लेकिन इसी अंधेरे दौर में कुछ ऐसे लोग भी थे जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर देश की डूबती अर्थव्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी उठाई।
फिल्म में मनोज बाजपेई एक आरबीआई गवर्नर के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका अंदाज बेहद शांत, गंभीर और प्रभावशाली दिखाई देता है। वह किसी फिल्मी हीरो की तरह नहीं बल्कि एक ऐसे जिम्मेदार अधिकारी के रूप में दिखाए गए हैं जो बिना लाइमलाइट में आए देश को आर्थिक तबाही से बचाने की कोशिश करता है।
अनसुने नायक की दास्तान है ‘गवर्नर ‘
टीजर की लाइन जिसने इकोनॉमिक्स पढ़ी नहीं वो अब इकोनॉमी संभालेगा? सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं अदा शर्मा भी दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। छोटी सी झलक में राजनीतिक दबाव, आर्थिक तनाव चारों तरफ हो रही राजनीति की बेचैनी साफ महसूस होती है।
निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की यह फिल्म उन अनसुने नायकों को सामने लाने की कोशिश करती नजर आ रही है जिनके फैसलों ने देश का भविष्य बदल दिया लेकिन जिनका नाम कभी सुर्खियों में नहीं आया। टीजर देखकर फैंस भी काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। कोई इसे भारत के अनसुने हीरोज की कहानी बता रहा है तो कोई मनोज बाजपेई की एक्टिंग की तारीफ करते नहीं थक रहा। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






