
लखनऊ, 21 जुलाई 2026:
ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती 2022 का Final Result जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार सुबह राजधानी लखनऊ में UPSSSC अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिले और उनके आवास के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। उनका कहना था कि भर्ती की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, इसके बावजूद परिणाम घोषित नहीं किया जा रहा है।
चार साल से पूरी भर्ती का इंतजार
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना था कि ग्राम पंचायत अधिकारी के 1468 पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन 2022 में जारी हुआ था। आवेदन प्रक्रिया 2023 में पूरी हुई। इसके बाद 27 अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा कराई गई। सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन भी अप्रैल और मई में पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक Final Result जारी नहीं किया गया है। इसी देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

डिप्टी सीएम के जरिए आयोग तक पहुंचाई मांग
अभ्यर्थियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में अब कोई चरण बाकी नहीं है। ऐसे में आयोग को जल्द से जल्द अंतिम परिणाम जारी करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के माध्यम से अपनी मांग उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) तक पहुंचाने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
ओपी राजभर के आवास भी पहुंचे अभ्यर्थी
डिप्टी सीएम आवास से निकलने के बाद प्रदर्शनकारी पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास पहुंचे। यहां पुलिस ने उनसे बातचीत की और शांतिपूर्वक वापस भेज दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि भर्ती में लगातार हो रही देरी से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि यदि समय पर भर्ती पूरी हो जाती तो आज वे अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा रहे होते। अभ्यर्थियों ने सरकार और आयोग से जल्द Final Result जारी कर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग दोहराई।






