मजाक ने ली जान : Air प्रेशर पाइप से युवक के प्राइवेट पार्ट में भरी हवा, 4 दिन बाद तोड़ा दम
रिलायंस फैक्ट्री में काम के दौरान हुई घटना, हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में कराया गया था भर्ती, पुलिस को पहले नहीं दी गई सूचना, अब परिवार की शिकायत के बाद जांच तेज

बाराबंकी, 22 जुलाई 2026:
बाराबंकी जिले में फैक्ट्री के अंदर सहकर्मियों का मजाक एक मजदूर युवक की जान पर भारी पड़ गया। आरोप है कि काम के दौरान साथियों ने Air Pressure Pipe से युवक के प्राइवेट पार्ट के रास्ते हवा भर दी। इससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसे गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। अब परिवार ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फैक्ट्री में काम के दौरान हुई घटना
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी संजू रिलायंस फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार का आरोप है कि 17 जुलाई को काम के दौरान उसके सहकर्मी सुशील और कुछ अन्य मजदूर मजाक कर रहे थे। इसी दौरान Air Pressure Pipe से उसके शरीर में हवा भर दी गई। हवा का दबाव बढ़ने से उसका शरीर फूल गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए।
ठेकेदार ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की जानकारी मिलने पर लेबर ठेकेदार ने संजू को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि शुरुआत से ही मामले को दबाने की कोशिश की गई और पुलिस को सूचना भी नहीं दी गई।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
संजू की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि लापरवाही और आपराधिक हरकत का मामला है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कस मामले में सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया जा रहा है। अभी तक परिवार की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामला दबाने का आरोप
परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना देने के बजाय युवक को सीधे निजी अस्पताल ले जाया गया। उनका कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन मौत के बाद पूरा मामला सामने आ गया। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।






