Gorakhpur

पहले प्रेमी को जेल भेजवाया, फिर उसी से शादी की जिद, युवती ने थाने में पी लिया फिनायल

शादी से इनकार पर प्रेमी पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई थी एफआईआर, 24 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा था जेल, अगले ही दिन चौरीचौरा थाने पहुंचकर युवती ने प्रेमी से शादी कराने की जिद की, बात नहीं बनी तो बैग से फिनायल निकालकर पी लिया, हॉस्पिटल में चल रहा इलाज

गोरखपुर, 26 जुलाई 2026:

चौरीचौरा थाने में उस वक्त पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया, जब प्रेमी के खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज कराने वाली 22 वर्षीय युवती उसी से शादी कराने की जिद पर अड़ गई। पुलिस के समझाने पर भी वह नहीं मानी। कुछ देर बाद उसने अपने बैग में रखा फिनायल पी लिया। हालत बिगड़ने पर महिला पुलिसकर्मियों ने उसे चौरीचौरा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तीन साल से शादी का भरोसा देने का लगाया था आरोप

देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने 23 जुलाई को चौरीचौरा निवासी धनंजय निषाद के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। युवती का आरोप था कि युवक करीब तीन साल से शादी का भरोसा देकर उसका यौन शोषण कर रहा था। जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो युवक ने अलग समुदाय का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़ें:

24 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया प्रेमी

शिकायत मिलने के बाद चौरीचौरा पुलिस ने आरोपी युवक को 24 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसके अगले ही दिन शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे युवती चौरीचौरा थाने पहुंच गई। इस बार उसकी मांग अपने उसी प्रेमी से शादी कराने की थी, जिसके खिलाफ उसने एक दिन पहले FIR दर्ज कराई थी।

थाने में शादी की जिद, समझाने पर भी नहीं मानी

थाने पहुंची युवती ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उसकी शादी जेल में बंद प्रेमी से कराई जाए। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की। उसे बताया गया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बावजूद युवती शादी की मांग पर अड़ी रही।

बैग से फिनायल निकाला, पीते ही बेहोश होकर गिरी

इसी दौरान युवती ने अपने बैग से फिनायल निकाला और पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं। पुलिस की जीप से उसे तत्काल चौरीचौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने युवती को प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य है।
gorakhpur-woman-drinks-phenyl-in-chauri-chaura-police-station (2)

थाने में पुलिस ने दी जेल जाकर युवक से मिलने की सलाह

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि युवती ने पहले धनंजय निषाद के खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। शनिवार को युवती थाने पहुंची थी और आरोपी से शादी कराने की मांग कर रही थी। उसे बताया गया कि वो जेल जाकर नियमानुसार उससे मिल सकती है। कुछ देर में उसकी तबियत खराब हो गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य है। डॉक्टरों ने बताया कि उसने फिनायल पीया था।

ये भी पढ़ें  योगी ने गोरखपुर को सौंपा मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कहा-भरोसा ही सरकार की प्राथमिकता

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button