
वाराणसी, 26 जुलाई 2026:
वाराणसी के दालमंडी इलाके में अवैध मकान के ध्वस्तीकरण के दौरान जमकर हंगामा हुआ। टीम ने कार्रवाई से पहले मकान खाली करने को कहा तो वहां रह रहे लोग हमलावर हो गए। भारी भीड़ जुट गई और कहासुनी होने के बाद धक्कामुक्की शुरू हो गई। टीम के साथ रहे सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह हालात संभाले और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पूरे दिन चले हंगामे के बाद शाम को मकान का ध्वस्तीकरण करने के बाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
नापजोख के बाद अवैध घोषित किया गया था मकान
वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) और नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ शनिवार को दालमंडी क्षेत्र के काजीपुर कलां में मकान संख्या डी-50/221 को गिराने पहुंची थी। टीम के साथ ADM City राजेश कुमार, VDA के जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार समेत दूसरे अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक, मकान को पहले ही अवैध घोषित किया जा चुका था। मकान की नाप-जोख की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी थी।
जगह खाली करने की बात शुरू हुआ हंगामा
टीम ने मकान में रह रहे लोगों से जगह खाली करने को कहा। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, देखते ही देखते मौके पर कई लोग जमा हो गए। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों को हटाने की कोशिश के दौरान पुलिस से भी धक्का-मुक्की हुई।आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने टीम से गालीगलौज की, मारपीट की और सरकारी कार्रवाई रोकने की कोशिश की।

वीडीए के कर्मचारी ने दर्ज कराई एफआईआर
पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया। देर रात चौक थाने में VDA के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ज्ञानचंद ने तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया गया कि मकान खाली कराने के दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम के साथ मारपीट की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को चोट लगने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरकारी काम में बाधा, मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
राशिद, शाहिद समेत 6 लोग नामजद
ACP दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक, मुकदमे में राशिद, शाहिद, हसन, रशीद, अंजुम समेत 6 लोगों को नामजद किया गया है। इनके अलावा 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मौके पर करीब 15 से 20 लोग विरोध में शामिल थे। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों को थाने ले जाने के दौरान भी कुछ महिलाओं ने विरोध किया।
शाम तक पूरी तरह गिराया गया मकान, 15 अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
हंगामे के बावजूद Demolition Action जारी रहा। PWD की Poklen Machine से मकान डी-50/221 को गिराने का काम शुरू किया गया। शाम करीब 6 बजे तक मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद आरोपियों के साथ 15 अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर इन लोगों की पहचान की जाएगी।






