Uttarakhand

रिश्वत के ट्रैप के बाद विजिलेंस टीम को बनाया बंधक, 20 घंटे बाद खुला तहसील का ताला

सितारगंज तहसील में चल रहा था हंगामा, राजस्व कर्मचारियों ने कल दो कर्मचारियों की गिरफ्तारी के विरोध में तहसील गेट पर जड़ा था ताला, विजिलेंस टीम को करीब 20 घंटे तक परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया, अफसरों से वार्ता के बाद आज धरना और कार्य बहिष्कार खत्म

राजकिशोर तिवारी

उधमसिंहनगर, 30 जुलाई 2026:

सितारगंज तहसील में विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद बुधवार से चल रहा विवाद बृहस्पतिवार को करीब 20 घंटे बाद खत्म हो गया। राजस्व कर्मचारियों ने कल विजिलेंस की कार्रवाई के विरोध में तहसील के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया था। टीम के सदस्य भी परिसर के अंदर ही रह गए और कर्मचारियों ने उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया। गुरुवार को उच्च अधिकारियों और राजस्व कर्मचारी संगठनों के बीच लंबी बातचीत हुई। सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने धरना खत्म कर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार वापस ले लिया। इसके साथ ही तहसील के मुख्य गेट पर लगाया गया ताला खोल दिया गया और कामकाज सामान्य हो गया।

कल ट्रैप के बाद शुरू हुआ था विरोध

ये भी पढ़ें:

बता दें विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई थी। विजिलेंस टीम ने सितारगंज तहसील में वरिष्ठ लिपिक यानी बड़े बाबू समेत दो कर्मचारियों को कथित रिश्वत लेने के आरोप में ट्रैप किया था। कार्रवाई के बाद तहसील के राजस्व कर्मचारी एकजुट हो गए और उन्होंने विजिलेंस टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने तहसील का मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद विजिलेंस टीम को परिसर में ही रोक दिया गया। करीब 20 घंटे तक टीम तहसील परिसर से बाहर नहीं निकल सकी। इस दौरान राजस्व कर्मचारी धरने पर बैठे रहे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।
sitarganj-tehsil-vigilance-team-trap-hostage-strike-ends (2)

रिश्वत नहीं राजस्व वसूली की रकम बताई

विजिलेंस की कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों के पास मिली रकम रिश्वत की नहीं थी। विभाग के मुताबिक यह रकम आरसी यानी रिकवरी सर्टिफिकेट के तहत बकाया सरकारी राजस्व की वसूली से जुड़ी थी। विभाग का कहना है कि संबंधित रकम नियमानुसार सरकारी काउंटर पर जमा कराई जा रही थी। कर्मचारियों की ओर से पूरी प्रक्रिया को राजस्व नियमों के तहत होने का दावा किया गया है। दूसरी तरफ विजिलेंस ने इसी रकम को रिश्वत से जुड़ा मामला मानते हुए ट्रैप कार्रवाई की थी।
sitarganj-tehsil-vigilance-team-trap-hostage-strike-ends (3)

पुलिस सुरक्षा में बाहर निकली विजिलेंस टीम

विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद शुरू हुआ विवाद आज फिलहाल बातचीत के जरिए खत्म हो गया है। कार्रवाई में पकड़े गए दोनों कर्मचारियों को विजिलेंस ने फिलहाल छोड़ दिया है। समझौता होने के बाद तहसील का गेट खोला गया। इसके बाद परिसर में मौजूद विजिलेंस टीम पुलिस सुरक्षा में बाहर निकली। पूरे घटनाक्रम को देखते हुए तहसील परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। एसडीएम तुषार सैनी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

ये भी पढ़ें  80 साल के बुजुर्ग की जमीन पर फर्जी बैनामों का खेल! 14 लोगों पर FIR, पुराने रिकॉर्ड से खुली पोल

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button