Lucknow City

सोलर क्रांति में UP का जलवा : देश के टॉप-100 में प्रदेश के 17 जिले, लखनऊ लगातार नंबर-1

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रूफटॉप सोलर को मिली रफ्तार, वाराणसी टॉप-10 और कानपुर 14वें स्थान पर, लाखों उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत और अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई का अवसर

लखनऊ, 1 अगस्त 2026:

यूपी ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा को घर-घर पहुंचाने के अभियान में प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 100 जिलों की राष्ट्रीय रैंकिंग में अपने 17 जनपदों को जगह दिलाई है। यह उपलब्धि प्रदेश में सौर ऊर्जा के तेजी से बढ़ते विस्तार को दर्शाने के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रदेश की मजबूत प्रगति का भी संकेत है।

यूपी नेडा के निदेशक रविन्दर सिंह ने बताया कि राजधानी लखनऊ ने लगातार देश का नंबर-1 जिला बनने का गौरव बरकरार रखा है। यहां अब तक 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में घरों और उपभोक्ताओं द्वारा सौर ऊर्जा अपनाने से लखनऊ ने यह मुकाम हासिल किया है। वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने 48,829 संयंत्रों के साथ देश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। औद्योगिक शहर कानपुर नगर भी 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर पहुंचकर हरित ऊर्जा अपनाने में नई मिसाल बन रहा है।

राष्ट्रीय रैंकिंग में बरेली 24वें, आगरा 29वें, प्रयागराज 37वें, झांसी 51वें, रायबरेली 56वें, गोरखपुर 70वें, सहारनपुर 73वें, मुजफ्फरनगर 75वें, मेरठ 78वें, बाराबंकी 79वें, अलीगढ़ 81वें, शाहजहांपुर 86वें, सीतापुर 88वें और उन्नाव 90वें स्थान पर रहे। प्रदेश के 17 जिलों की मौजूदगी बताती है कि प्रदेश में रूफटॉप सोलर को लेकर जागरूकता और सरकारी योजनाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें:

राज्य सरकार और केंद्र सरकार की विभिन्न पहल, विशेषकर प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से लाखों उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। रूफटॉप सोलर संयंत्रों से बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय, प्रभावी सब्सिडी व्यवस्था तथा जनजागरूकता अभियानों ने इस मिशन को नई गति दी है। उत्तर प्रदेश में तेजी से रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो रहे हैं। देश के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र का सबसे बड़ा केंद्र बनने की ओर यूपी तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें  गोमतीनगर में आज से 3 दिन तक होगी बिजली कटौती... जानें किन खंडों में बंद रहेगी सप्लाई

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button