
अनिल निषाद
अयोध्या, 3 अगस्त 2026:
श्रावण मास के पहले सोमवार पर अयोध्या में शिवभक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। राम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित Kuber Teela पर भगवान रुद्र का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने अर्चकों के साथ पूजन कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति की कामना की गई।
शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार, मंदिर में बना भक्तिमय माहौल
राम जन्मभूमि परिसर के ईशान कोण में स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग का भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सावन के पहले सोमवार पर पूरा मंदिर परिसर धार्मिक माहौल में डूबा नजर आया। सावन के पहले सोमवार की वजह से सुबह से ही राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
सरयू स्नान के बाद नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक
भोर से ही श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे। इसके बाद भगवान राम के पुत्र कुश द्वारा स्थापित प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दर्शन का सिलसिला देर तक जारी रहा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
नागेश्वरनाथ मंदिर में भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश कराया गया। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों, बैरिकेडिंग प्वाइंट्स पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो।






