Lucknow City

Lucknow: हाईवे पर जली कार, धमाके फिर अंदर मिला युवक का कंकाल, हत्या या हादसा में उलझी पुलिस

बीकेटी इलाके में सीतापुर हाईवे पर देर रात खड़ी कार में लगी भीषण आग, धमाकों के बाद पहुंची पुलिस को अंदर मिला जला हुआ शव, कार मालिक का पता चला लेकिन मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी

लखनऊ, 7 अगस्त 2026:

लखनऊ के बीकेटी इलाके में सीतापुर हाईवे पर गुरुवार देर रात एक कार में आग लगने के बाद अंदर से युवक का जला हुआ शव मिला। आग इतनी तेज थी कि कार के शीशे धमाकों के साथ टूट गए। शव बुरी तरह जल चुका था, जिससे मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस हत्या के बाद सबूत मिटाने की आशंका के साथ हादसे के एंगल पर भी जांच कर रही है।

हाईवे किनारे खड़ी थी कार

जानकारी के मुताबिक सरइयां गांव के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हाईवे किनारे खड़ी एक मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई। लपटें तेजी से उठने लगीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बीकेटी पुलिस, दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंची। आग बुझने के बाद कार के अंदर एक युवक का बुरी तरह जला शव मिला।

ये भी पढ़ें:

कार मालिक तक ऐसे पहुंची पुलिस

कार के रजिस्ट्रेशन नंबर (UP32CS 0626) के आधार पर पुलिस ने वाहन की जानकारी निकाली। रिकॉर्ड में कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश हक के नाम पर दर्ज मिली। पुलिस ने परिवार को सूचना दे दी है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि कार में मिला शव उसी का है या किसी अन्य व्यक्ति का। पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हत्या की आशंका भी, हादसे की भी जांच

मौके पर एसीपी विकास पांडेय, फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि अभी यह तय नहीं है कि युवक की मौत आग लगने से हुई या पहले उसकी हत्या कर शव को कार में रखकर आग लगाई गई। दोनों पहलुओं पर जांच जारी है।
lucknow-bkt-sitapur-highway-burnt-car-dead-body-police-probe (2)

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जांच टीम हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार मौके तक कैसे पहुंची, उसमें युवक अकेला था या उसके साथ कोई और भी मौजूद था। पुलिस का मानना है कि शव की पहचान होने के बाद जांच को अहम सुराग मिल सकते हैं।

सुनसान जगह पर मिली कार

स्थानीय लोगों के मुताबिक जहां कार मिली, वहां आसपास कोई चौराहा, तिराहा या दुकान नहीं है। कार हाईवे की सफेद पट्टी के पास खड़ी थी। ऐसे में पुलिस इस संभावना को भी खारिज नहीं कर रही कि वारदात को सुनसान जगह चुनकर अंजाम दिया गया हो।

ये भी पढ़ें  मेरठ में दलित युवक की हत्या के विरोध में लखनऊ में उबाल, लोहिया वाहिनी और छात्र सभा का प्रदर्शन

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button