
न्यूज डेस्क, 11 अगस्त 2026:
पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान Sourav Ganguly को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी में सिर्फ गांगुली ही नहीं, उनकी पत्नी डोना गांगुली समेत पूरे परिवार को खत्म करने की बात लिखी गई है। मामला सामने आने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
छह महीने से आ रहे थे धमकी भरे खत
परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पिछले करीब छह महीने से गांगुली के नाम इस तरह के पत्र लगातार आ रहे थे। शुरुआत में इन्हें किसी उत्साही फैन की हरकत मानकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन हाल के पत्रों में इस्तेमाल की गई भाषा बेहद आक्रामक थी। इसके बाद पुलिस से संपर्क करने का फैसला लिया गया।
ऑफिस में मिला नया लेटर, फिर दर्ज हुई शिकायत
सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) अध्यक्ष के कार्यालय में दो नए पत्र मिले। अंग्रेजी में लिखे गए इन पत्रों में सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी दी गई। परिवार के करीबी लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद ठाकुरपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। राज्य के सुरक्षा विभाग को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस भेजने वाले तक पहुंचने में जुटी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पत्रों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये लेटर कथित तौर पर उत्तर 24 परगना के बेलघरिया इलाके से कूरियर के जरिए भेजे गए हैं। अब पुलिस भेजने वाले की पहचान, उसके मकसद और पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।






