Barabanki City

सरयू किनारे बांध पर पहुंचे सुरेश राही, बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल, 500 परिवारों को राहत किट

प्रभारी मंत्री ने हेतमापुर बाढ़ चौकी व बांध का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से सीधे बात कर जानी समस्याएं, कोडरी, सुंदरनगर, ललपुरवा व बाबा पुरवा में बांटी गईं राहत किट

बाराबंकी, 18 अगस्त 2026:

यूपी के बाराबंकी जिले में सरयू किनारे बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत व बचाव कार्यों की स्थिति देखने के लिए प्रभारी मंत्री सुरेश राही मंगलवार को रामनगर तहसील के हेतमापुर पहुंचे। उन्होंने हेतमापुर बाढ़ चौकी व बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत सामग्री के वितरण, बाढ़ चौकियों पर इंतजाम व प्रभावित लोगों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

बाढ़ शरणालय में प्रभावित लोगों को बांटी राहत किट

प्रभारी मंत्री ने हेतमापुर स्थित स्थायी बाढ़ शरणालय में 50 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद राजस्व ग्राम बतनेरा के अंतर्गत आने वाले गांवों में राहत किट बांटी गईं। कोडरी में 113 बाढ़ प्रभावित परिवारों, सुंदरनगर में 90 परिवारों व ललपुरवा में 138 परिवारों को राहत किट दी गईं। बाबा पुरवा के 109 बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्थानीय प्रशासन ने राहत किट उपलब्ध कराई।

ये भी पढ़ें:

कोई परिवार राहत से वंचित न रहे

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को राहत सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरत का स्थानीय स्तर पर लगातार आकलन करने को कहा, जिससे जरूरत के मुताबिक समय पर राहत सामग्री पहुंचाई जा सके। राहत व बचाव कार्य में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बाढ़ चौकियों पर अधिकारी-कर्मचारी रहें मौजूद

प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को बाढ़ चौकियों पर मौजूद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर सुनी जाएं व उनका समाधान कराया जाए। पात्र लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी विभागीय कर्मचारी सक्रिय रहें।
saryu-kinare-pahuche-suresh-rahi-badh-pidito-ko-di-rahat-kit (2)

रोजमर्रा की जरूरत वाली सामग्री का ख्याल रखें

उन्होंने खास तौर पर कहा कि बाढ़ की वजह से जिन परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हुई हैं, उनकी जरूरतों का ध्यान रखा जाए। कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत किट में रोजमर्रा की जरूरत की कुल 26 तरह की सामग्री रखी गई है। इसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर की दाल, 2 किलो चना व तिरपाल शामिल हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए पर्याप्त भूसे की व्यवस्था भी की गई है।

विभागों के तालमेल से पीड़ितों को मिलेगी राहत

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राहत कार्यों में विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहना चाहिए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मौके पर मौजूद अधिकारी जरूरत के मुताबिक तुरंत कार्रवाई करें। बाढ़ चौकियों से ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित विभाग तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को जिले में बाढ़ की स्थिति व प्रशासन की ओर से किए जा रहे इंतजामों की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें  पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : भिड़ंत के साथ दो कारों में लगी आग... बच्चों सहित 5 लोग जिंदा जले

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button