
प्रयागराज, 3 सितंबर 2026:
यूपी के प्रयागराज जिले में MD ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र की मीरा भयांदर वसई विरार पुलिस (MBVV) की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच ने मेजा तहसील के गंडा इलाके में स्थित कोसाडा कलां में कार्रवाई कर फैक्ट्री को ध्वस्त किया। यहां किराए की जमीन पर बने टिन शेड में MD तैयार की जा रही थी। यहां लगभग 53 किलो एमडी ड्रग मिला है। माल बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार करने के बाद फैक्ट्री ध्वस्त कर दी गई।
112 ग्राम MD की बरामदगी से शुरू हुई जांच
महाराष्ट्र की मीरा भयांदर वसई विरार पुलिस (MBVV) की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा नालासोपारा में 112 ग्राम MD जब्त होने के बाद शुरू हुई जांच में हुआ। पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद जांच मुंबई से आगे जलगांव, गुजरात, कल्याण, नेरुल होते हुए प्रयागराज तक पहुंची।
टिन शेड में तैयार हो रही थी MD
पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रयागराज के मेजा इलाके में किराए की जमीन पर बने टिन शेड को MD बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने छापा मारकर मौके से 52 किलो 932 ग्राम MD बरामद की। इसके साथ 260 लीटर अलग-अलग केमिकल भी मिला, जिसका इस्तेमाल ड्रग्स तैयार करने में किया जा रहा था।
🚨 एम.डी. ड्रग्ज निर्मितीच्या कारखान्यावर मोठी कारवाई! 🚨
🇮🇳 प्रयागराज, उत्तरप्रदेश येथील एम.डी. ड्रग्ज तयार करणारा अवैध कारखाना उद्ध्वस्त
गुन्हे प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-४, MBVV पोलीस आयुक्तालयाची उल्लेखनीय कामगिरी 👮♂️
नालासोपारा येथे ११२ ग्रॅम एम.डी. जप्त करून दाखल झालेल्या… pic.twitter.com/ynSZPI2lbD
— MIRA BHAYANDAR VASAI VIRAR POLICE (@MBVVPOLICE) September 2, 2026
लैब का सामान भी मिला, 21 आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स की कीमत लगभग 139 करोड़
फैक्ट्री से MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले लैब उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक मौके पर ड्रग्स तैयार करने की पूरी व्यवस्था की गई थी। कार्रवाई के बाद अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया। इस मामले में अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अलग-अलग ठिकानों पर हुई कार्रवाई में कुल 69 किलो 759 ग्राम MD जब्त की गई। पुलिस ने 18.70 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जब्त नशीले पदार्थ की कुल कीमत करीब 139 करोड़ रुपये बताई गई है।
सप्लाई से लेकर पैसों तक फैला नेटवर्क, विदेश तक कनेक्शन की जांच
जांच में MD बनाने वालों के साथ केमिकल व लैब उपकरण उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका सामने आई है। नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले, पेडलर्स व पैसों का लेन-देन संभालने वाले लोग भी इस नेटवर्क से जुड़े मिले हैं। पुलिस अब नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ व जांच के दौरान ड्रग्स तस्करी के इस नेटवर्क के अंतरराज्यीय कनेक्शन सामने आए हैं। पुलिस को अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जानकारी मिली है। इसे लेकर आगे की जांच जारी है।






