
राजकिशोर तिवारी
हल्द्वानी, 10 सितंबर 2026:
उत्तराखंड के हल्द्वानी में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश तेज कर दी है। युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ युवाओं से सीधे बातचीत की। रोजगार, करियर, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, तकनीक से लेकर खेल तक कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
नितिन नबिन ने गिनाए केंद्र के प्रयास
हल्द्वानी में हुए संवाद कार्यक्रम का आगाज नितिन नबिन सीएम धामी ने छात्रों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नितिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं। उन्होंने Digital India, Startup India, Skill India, Make in India व Khelo India जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवा अब सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाला भी बन रहा है।

राजनीति व सार्वजनिक जीवन में आगे आने की अपील
उन्होंने उत्तराखंड में पर्यटन, स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार व उद्यमिता को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। नितिन नबिन ने युवाओं से राजनीति व सार्वजनिक जीवन में आगे आने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल व समय प्रबंधन को भी जरूरी बताया।
धामी बोले, 34 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की ओर से युवाओं के लिए किए गए कामों का ब्यौरा रखा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहाड़ की जवानी व पहाड़ के पानी को उत्तराखंड के काम लाने के संकल्प के साथ काम किया है। धामी ने दावा किया कि सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है। अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई है, जबकि नकल माफिया को जेल भेजा गया।

नौकरी के साथ स्वरोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार व कारोबार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे व मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस युवाओं को अपनी क्षमता के मुताबिक अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मौका देने पर है।
खेल से एआई तक नए मौके
धामी ने कहा कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय व लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के 100 से ज्यादा पदक जीतने को राज्य में खेलों के बढ़ते माहौल से जोड़ा।
हल्द्वानी में आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी की गरिमामयी उपस्थिति में युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता कर युवाशक्ति से संवाद किया तथा उनकी अपेक्षाओं, सुझावों और आकांक्षाओं को जाना। इस अवसर पर आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का बहुमूल्य मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। pic.twitter.com/0Ed4vWq6KS
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 10, 2026
कोचिंग सुविधा पर सरकार का फोकस
उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, Innovation, Artificial Intelligence, Robotics व दूसरी नई तकनीकों में युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा का भी उन्होंने जिक्र किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, भाजपा पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।






