
लखनऊ, 11 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बैंककर्मी सड़क पर उतरे। हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक परिसर में कर्मचारियों ने सभा कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान के समर्थन में किया गया।

सुबह से बैंकिंग कामकाज रहा प्रभावित
देशव्यापी हड़ताल के चलते सुबह 10 बजे से बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। लखनऊ में अलग-अलग बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारी इंडियन बैंक परिसर में जुटे। कर्मचारियों ने सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें रखीं। यूनियन नेताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू होनी चाहिए। दो दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलने से कर्मचारियों को बेहतर work-life balance मिलेगा। इससे उनकी कार्यक्षमता पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
पीएलआई में भेदभाव खत्म करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने Performance Linked Incentive यानी PLI योजना में भेदभाव खत्म करने की मांग भी उठाई। सचिन केशरवानी ने कहा कि सभी पात्र बैंक कर्मचारियों को समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए व्यवस्था पारदर्शी रखी जानी चाहिए। भारतीय पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारी संघ समेत विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने सभा में कर्मचारियों की मांगों को लेकर आवाज उठाई। अध्यक्ष एमएम मौर्य व महामंत्री सीएस अवस्थी ने कहा कि लंबित मांगों पर सरकार व बैंक प्रबंधन को जल्द सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ेगा
सभा के बाद बैंककर्मियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान फाइव डे बैंकिंग के अलावा बैंकों के निजीकरण का विरोध स्लोगन लिखे टीशर्ट पहनकर किया गया।






