
सीतापुर, 13 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर जिले में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। मिश्रिख क्षेत्र के गोपालापुर गांव में हुए हादसे में 11 वर्षीय कृष्णा की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि उसकी 40 वर्षीय मां गौरी ने लखनऊ ले जाते समय दम तोड़ दिया। कृष्णा की 17 वर्षीय बहन काजल भी गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह सोते समय लगी आग
गोपालापुर में रहने वाले कमलेश मौर्या के घर ये हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। उस समय परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। अचानक घर में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि घर में पेट्रोल केन में रखा था। पेट्रोल होने की वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।
मुखिया दुकान पर था, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
कमलेश रविवार सुबह दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। करीब पौने सात बजे उसने घर की तरफ लपटें उठती देखीं। वह मौके पर पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर जाने से रोक दिया। गांव के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फायर ब्रिगेड पहुंचने में लगे करीब 40 मिनट
आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई थी। इसके साथ एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण काफी हद तक आग बुझा चुके थे। आग में कृष्णा बुरी तरह झुलस गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां ने लखनऊ ले जाते समय ली अंतिम सांस
हादसे में गौरी व उसकी बेटी काजल भी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। गौरी की हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग उन्हें लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। काजल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
#SitapurPolice थाना मिश्रिख के ग्राम गोपलापुर में बिजली शॉर्ट सर्किट से आग लग जाने और एक 10 वर्षीय बालक की झुलस कर मृत्यु हो जाने तथा 2 लोग को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराये जाने के संबंध में #ASP SOUTH श्री दुर्गेश कुमार सिंह की बाइट- #UPPolice@Igrangelucknow pic.twitter.com/RJAsAghvBs
— Sitapur Police (@sitapurpolice) September 13, 2026
पुलिस को बिजली मीटर में शॉर्ट-सर्किट का शक
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे समेत मिश्रिख व आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है। एएसपी ने बिजली मीटर में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।






