Ayodhya

राम मंदिर में अब अंतिम दौर की तैयारी! नृपेन्द्र मिश्र ने परखी स्मारक स्तम्भ की रफ्तार, पुराने मंदिर के सुंदरीकरण का भी लिया जायजा

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दिनभर चला निरीक्षण और समीक्षा का दौर, निर्माण की गुणवत्ता से लेकर श्रद्धालु सुविधाओं तक पर चेयरमैन की पैनी नजर

अनिल निषाद

अयोध्या, 13 सितंबर 2026:

रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों ने अब एक और महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर लिया है। रविवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र ने परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न कार्यों की प्रगति परखी। इस दौरान निर्माणाधीन स्मारक स्तम्भ से लेकर प्रभु श्रीरामलला के पुराने अस्थायी मंदिर में चल रहे सुंदरीकरण कार्य तक का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण की शुरुआत निर्माणाधीन स्मारक स्तम्भ से हुई। नृपेन्द्र मिश्र ने मौके पर पहुंचकर स्तम्भ के निर्माण की मौजूदा स्थिति देखी। निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसे जल्द पूरा करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और मौके पर कार्य की गुणवत्ता को भी परखा।

ये भी पढ़ें:

चेयरमैन ने स्पष्ट रूप से जोर दिया कि निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण की बारीकियों पर लगातार निगरानी रखने और कार्य को तय मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में चल रहे अन्य संबंधित निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली गई।

पुराने अस्थायी मंदिर के सुंदरीकरण पर भी नजर

स्मारक स्तम्भ के निरीक्षण के बाद नृपेन्द्र मिश्र ने प्रभु श्रीरामलला के पुराने अस्थायी मंदिर का रुख किया। यहां चल रहे सुंदरीकरण कार्य का उन्होंने गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर की संरचना, कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों और श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की।

पुराने मंदिर के सुंदरीकरण के दौरान इस बात पर भी ध्यान दिया गया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और परिसर की व्यवस्थाएं व्यवस्थित तरीके से संचालित होती रहें। यानी निर्माण और विकास कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालु सुविधा को भी प्राथमिकता देने पर जोर रहा।

पीएफसी सभागार में हुई अहम समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद नृपेन्द्र मिश्र श्रद्धालु सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार पहुंचे। यहां मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण एवं अन्य संबंधित कार्यों से जुड़े अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्ययोजनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ram-mandir-ayodhya-nripendra-mishra-inspection-memorial-pillar (2)

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से अलग-अलग कार्यों की प्रगति और उनकी निर्धारित समयसीमा के बारे में जानकारी ली। निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आने वाले समय में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर भी विमर्श हुआ।

इस पूरे निरीक्षण और समीक्षा के दौरान साफ संदेश रहा कि श्रीराम जन्मभूमि परिसर में चल रहे कार्यों को केवल तेजी से पूरा करना ही लक्ष्य नहीं है अपितु निर्धारित गुणवत्ता, समयसीमा और श्रद्धालुओं की सुविधा के बीच बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ाया जाना है। स्मारक स्तम्भ का काम अंतिम चरण में पहुंचने के साथ अब परिसर में चल रहे अन्य विकास कार्यों पर भी निगरानी और समीक्षा का सिलसिला तेज होता दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें  डिग्रियां पाकर छात्रों के खिले चेहरे, राज्यपाल बोलीं- देश को नशामुक्त बनाने में विश्वविद्यालयों की भूमिका अहम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link