Uttarakhand

धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’, जोशीमठ से होगी शुरुआत

राष्ट्रीय महासचिव दीपक राठौर व राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने सीएम पर साधा निशाना, पहले चरण में चमोली के अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल शामिल

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 13 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड में बेरोजगारी और युवाओं के पलायन को लेकर कांग्रेस ने अब धामी सरकार के खिलाफ जमीनी अभियान छेड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है। अभियान के जरिए कांग्रेस युवाओं और ग्रामीणों के बीच पहुंचेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी। राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को मीडिया से बातचीत में अभियान से जुड़ी जानकारी दी।

उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि अगले दो माह के भीतर प्रदेश के सभी 13 जिलों के कम से कम एक ब्लॉक में अभियान पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। पहले चरण में चमोली के अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल को शामिल किया गया है। वहीं, ललित फर्स्वाण ने कहा कि सरकार रोजगार व स्वरोजगार के बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुरूप पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ रोजगार की भीख मांगने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार और सम्मानजनक रोजगार की मांग का आंदोलन है। संगठन गांव, गरीब, किसान, मजदूर और युवा की आवाज को पंचायत स्तर से प्रदेश स्तर तक पहुंचाएगा।

ये भी पढ़ें:

अभियान के तहत युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर रोजगार से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय जरूरतों के आधार पर सरकार के सामने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी जाएगी। दीपक राठौर ने कहा कि गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने मनरेगा, कृषि, बागवानी, पशुपालन, लघु एवं कुटीर उद्योग, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई। कांग्रेस ने सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग उठाई।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, आरजीपीआरएस के गढवाल मंडल प्रभारी गंभीर सिहू जयाडा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर विजय, उधमसिंहनगर प्रभारी विमल शाहू, रुड़की जिला प्रभारी ईशा त्यागी, संयोजक महेश त्रिकोटी, जिलाध्यक्ष हल्द्वानी राधा आर्य, मनोज बिष्ट, कोटद्वार जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र नेगी, उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष हंसपाल बिष्ट, पौडी जिलाध्यक्ष मुकेश बिष्ट व प्रदेश महासचिव हेम पगडिया मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  QRT सेवा का शुभारंभ: स्वच्छता व आपातकालीन समस्याओं का होगा तुरंत समाधान

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link