
सीतापुर, 15 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर जिले में बंदरों के झुंड ने 12 साल के किशोर पर हमला कर दिया। मछरेहटा थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के पास किशोर को बंदरों ने घेर लिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बंदरों को भगाया, जिसके बाद परिजन उसे सीएचसी मछरेहटा लेकर पहुंचे।
आंगनबाड़ी केंद्र के पास पहुंचते ही घेर लिया
तिवारीपुर गांव निवासी बलराम तिवारी का 12 वर्षीय बेटा गांव के बाहर आंगनबाड़ी केंद्र के पास गया था। इसी दौरान वहां बंदरों का झुंड पहुंच गया। किशोर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बंदरों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। किशोर को बंदरों के बीच फंसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह बंदरों को वहां से भगाया। इसके बाद घटना की जानकारी किशोर के परिजनों को दी गई।
हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर
परिजन घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा लेकर पहुंचे। वहां डॉ. अवनीश कुमार ने उसका परीक्षण किया। चोटें गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में किशोर का इलाज चल रहा है।
ग्रामीण बोले- बच्चों के लिए बढ़ रहा खतरा
घटना के बाद गांव में बंदरों के झुंड को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। झुंड की वजह से खासकर बच्चों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के हमले की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से बंदरों को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि बंदरों को आबादी से दूर करने की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों को खतरे से बचाया जा सके।






