
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 20 सितम्बर 2026ः
उत्तराखंड में देहरादून-दिल्ली हाईवे पर मोहब्बेवाला क्षेत्र में रविवार को सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गाड़ियों का लंबा जाम लगने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीमेंट से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हुआ और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया। इससे ट्रक के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक को सड़क से हटाने की व्यवस्था की गई, जिससे उसके नीचे अगर कोई दबा हो तो उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। पुलिस ने घायल बबलू (45 वर्ष) और रोली (18 वर्ष) को तत्काल अस्पताल भेजा गया। दोनों घायल मोहब्बेवाला के रहने वाले हैं। वहीं, बाइक सवार जमील (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। जमील छुटमलपुर, जिला सहारनपुर का रहने वाला था।
क्षेत्र में हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर भारी ट्रक के पलटने और बचाव कार्य चलने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। गाड़ियों की लाइन लग गई। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मोहब्बेवाला क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण पहले भी हादसे हुए हैं। ऐसे में इस दुर्घटना ने एक बार फिर इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।






