सेवा संकल्प अभियान : नानकमत्ता साहिब में धामी ने टेका मत्था, श्रमदान कर दिया सफाई का संदेश
सीएम ने प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और शांति की कामना की, अभियान के दौरान जनभागीदारी, संवाद व नवाचार से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे आयोजित, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों व सरकारी कार्यालयों में सफाई की सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

योगेंद्र मलिक
उधमसिंहनगर, 5 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर श्रमदान भी किया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन स्थल होने के कारण दुनिया भर में प्रसिद्ध है। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेशभर में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नानकमत्ता साहिब में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने स्वयं सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। प्रदेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पहुंचते हैं। ऐसे में इन स्थलों के साथ-साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। सीएम ने कहा की स्वच्छता लोगों को निरोगी रखती है। अपने घर और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक करें। धामी ने कहा कि जनभागीदारी से स्वच्छता को जनअभियान का स्वरूप दिया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी और अन्य लोग मौदूद रहे।






