Lucknow City

UP News : 2027 चुनाव से पहले अपना दल कमेरावादी की हुंकार, सामाजिक न्याय और सत्ता परिवर्तन पर फोकस

लखनऊ में आयोजित संगोष्ठी में कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल ने कमेरा समाज की हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया, डॉ. सोनेलाल पटेल की मौत की CBI जांच की मांग

लखनऊ, 17 अक्टूबर 2026:

अपना दल कमेरावादी ने पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के 17वें परिनिर्वाण दिवस पर उनकी मौत की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए सामाजिक न्याय और बहुजन कमेरा राजनीति को धार देने का आह्वान किया। शनिवार को लखनऊ के गांधी भवन प्रेक्षागृह में आयोजित संगोष्ठी में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सामाजिक न्याय के पुरोधा थे सोनेलाल पटेल : कृष्णा पटेल

संगोष्ठी की मुख्य अतिथि एवं पार्टी अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उन्होंने कमेरा समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका सपना ऐसा समाज बनाने का था, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अवसर मिले और वंचित कमेरा समाज को उसका वाजिब हक और हिस्सेदारी प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य को लेकर डॉ. सोनेलाल पटेल ने उत्तर प्रदेश ही नहीं अपितु पूरे उत्तर भारत में संगठन को मजबूत किया। उनके विचार और सामाजिक न्याय की लड़ाई आज भी प्रासंगिक हैं।

2027 में जीत के लिए वैचारिक मजबूती पर जोर

पार्टी की शीर्ष नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि सत्ता पर कब्जा कर व्यवस्था बदलने के लिए वैचारिक मजबूती बेहद जरूरी है। विचारधारा आधारित संगठन खड़ा करके बहुजन कमेरा राजनीति को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने और डॉ. सोनेलाल पटेल के सपनों का देश व समाज बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें:

hardoi-police-cctv-camera-supply-fraud-52-lakh-firm-missing (2)

Advertisement

सोनेलाल पटेल की मौत की CBI जांच का मुद्दा फिर उठा

डॉ. पल्लवी पटेल ने 17 अक्टूबर 2009 को डॉ. सोनेलाल पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि देश के कमेरा समाज के प्रमुख नेता रहे डॉ. पटेल की मौत की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक यह मांग बहुजन कमेरा समाज की व्यापक जनभावना है जो आज भी बनी हुई है।

‘शिक्षा और रोजगार से ही वंचित समाज की उन्नति’

दिल्ली विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर एवं लेखक डॉ. रतनलाल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल संत रविदास, ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा के वाहक थे। उन्होंने वंचित समाज की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उन्नति के लिए ठोस पहल करने तथा शिक्षा बचाने की लड़ाई लड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही रोजगार और उन्नति का रास्ता खोलती है।

पत्रकार शंभू कुमार सिंह ने कहा कि समाज के नेता को अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरकर संवैधानिक लड़ाई लड़नी चाहिए। लोगों को अन्याय के विरुद्ध चुप रहने के बजाय अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल ने की। संगोष्ठी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. गंगाराम यादव, राधेश्याम पटेल, रामशिला पटेल, पारुल पटेल, मोहम्मद हफीज, आनंद हीराराम पटेल, साधना साहू, ऊदल राजभर और अशोक पटेल सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।

ये भी पढ़ें  लखनऊ की पुरानी कॉलोनियों का बदलेगा चेहरा, जर्जर फ्लैटों की जगह बनेंगी हाईटेक गगनचुंबी इमारतें

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link