Shiva Sharma Murder Case : 9 दिन से फरार इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे ने लगाई सरेंडर अर्जी, शिवा की मां की CM से गुहार
25-25 हजार की इनामी श्रद्धा, बहन रश्मि और ड्राइवर की तलाश में जुटीं पुलिस की 10 टीमें, सीएम से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
लखनऊ, 18 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के युवा कारोबारी शिवा शर्मा (28) हत्याकांड में वांटेड 25 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे व अन्य आरोपी नौ दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस बीच उसके जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दाखिल करने की बात सामने आई है। श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि और साथी आदिल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के साथ वारंट जारी हो चुका है। उधर, शिवा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
मामला हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है। नौ अक्टूबर को शिवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर स्थित श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नीचे गिरा था। बताया जाता है कि शिवा करीब चार महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक और शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट से जलाने के निशान मिलने की बात भी कही गई। इन परिस्थितियों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

तीन वीडियो जारी कर श्रद्धा ने दी ये सफाई
फरारी के दौरान श्रद्धा के तीन वीडियो सामने आने का दावा किया गया है। इनमें उसने खुद को फरार बताते जाने पर सफाई देते हुए कहा कि वह भागी नहीं है और शिवा ने आत्महत्या की थी। उसने घटना की रात की कहानी बताते हुए अपना पक्ष रखने की बात कही है। वहीं, शिवा की मौत से पहले के बताए जा रहे उसके दो वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें एक महिला द्वारा शिवा को धमकाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन वीडियो की प्रामाणिकता और उनमें दिख रही परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल में छिपने का दावा, मददगारों पर भी सवाल
चर्चा है कि श्रद्धा लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी और लगातार अपनी लोकेशन बदल रही है। हालांकि, उसकी मौजूदा लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में कुछ चर्चित लोगों, एक नौकरशाह और प्रयागराज के एक विधायक से कथित संपर्क की बातें भी सामने आई हैं। इन दावों की भी पुष्टि नहीं हुई है।

शिवा की मां ने सीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार
शिवा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। शिकायत में श्रद्धा पर शिवा को चौथी मंजिल से धक्का देने का आरोप लगाया गया है जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इस बीच मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में रंजना ने आरोपियों की भूमिका की जांच, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने, वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच कराने तथा लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ होने पर कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने परिवार की सुरक्षा, जांच की प्रगति की जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की भी अपील की है। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और श्रद्धा की कथित सरेंडर अर्जी पर सबकी निगाहें टिकी हैं।






