Varanasi MLC Election Result 2026 : मोदी की काशी में BJP को झटका, सपा ने फिर जीती शिक्षक सीट
शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव ने 10,958 वोट पाकर दर्ज की जीत, भाजपा के प्रमोद मिश्रा को मिले 6,060 वोट, स्नातक सीट पर भी सपा की बढ़त
वाराणसी, 28 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी में MLC चुनाव के नतीजों ने भाजपा को झटका दिया है। समाजवादी पार्टी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा को हराकर जीत दर्ज की। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भी सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट
शिक्षक MLC चुनाव में लाल बिहारी यादव को पहले चरण में 6,941 वोट मिले। दूसरे चरण की गिनती के बाद उनके मतों की संख्या बढ़कर 10,958 हो गई। भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को कुल 6,060 वोट मिले। उन्हें पहले चरण में 3,005, दूसरे चरण में 3,055 वोट हासिल हुए।
अन्य प्रत्याशियों में चेतनारायण सिंह को 3,111, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह को 1,088, सुधांशु शेखर त्रिपाठी को 533, ऋतिका दुबे को 450, संजय राय प्रियदर्शी को 310, धर्मेंद्र कुमार यादव को 182, डॉ. फरीद अंसारी को 152, अवधेश सिंह को 108 वोट मिले। मतगणना में 1,441 मत अवैध घोषित किए गए।
दूसरी वरीयता के वोटों से तय हुई जीत
शिक्षक सीट पर जीत के लिए जरूरी मतों का आंकड़ा 11,472 था। लाल बिहारी यादव को पहली वरीयता के वोटों की गिनती में 10,958 मत मिले थे। जीत के लिए जरूरी संख्या पूरी नहीं होने पर दूसरी वरीयता के मतों की गिनती कराई गई। इसी प्रक्रिया के बाद उनकी जीत तय हुई।
स्नातक सीट पर भी सपा की बढ़त
वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती में देरी हुई। मतपत्रों की जांच, वैध-अवैध मतों का वर्गीकरण, बंडल बनाने की प्रक्रिया में 13 घंटे से अधिक समय लगा। इसके बाद 27 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे मतगणना शुरू हुई। 14 टेबल पर दो शिफ्ट में कर्मचारियों ने गिनती की। चुनाव अधिकारी व उप चुनाव अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे थे। स्नातक सीट का परिणाम देर रात तक आने की संभावना जताई गई थी।
आठ जिलों में हुआ था मतदान
वाराणसी खंड निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी के साथ चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही व बलिया जिले शामिल हैं। इस चुनाव में स्नातक सीट पर 24, शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में थे।
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh | Samajwadi Party’s Lal Bihari Yadav wins the Varanasi division teachers’ MLC seat. He says, "I express my gratitude to all my colleagues in the teaching community who have made me victorius. I thank my party president as because of his positive thinking, we fought a very strong battle in every seat across the state. When Netaji was around, he was known as the leader of teachers. The National President shares the same thinking. UGC bill had no impact on our election, because the people associated with the UGC bill remained divided among themselves. The people who wanted job security stayed with us."
— ANI (@ANI) October 28, 2026
23 अक्टूबर को आठों जिलों के 453 बूथों पर मतदान हुआ था। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 41.11 फीसदी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 69.87 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। स्नातक सीट के 2.88 लाख मतदाताओं में से 1,18,611 ने वोट डाले। शिक्षक सीट पर 34,900 मतदाताओं में से 24,384 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।






