Sitapur News : मासूम की मौत पर हंगामा, पांच इंजेक्शन लगाने पर बिगड़ी हालत, क्लिनिक संचालक पर FIR
Medical Negligence : परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया, बच्चे की मौत के बाद क्लिनिक संचालक पर अभद्रता का भी आरोप

सीतापुर, 31 अक्टूबर 2026:
यूपी के सीतापुर जिले के बिसवां में दो महीने के बच्चे की मौत के बाद एक निजी क्लिनिक के इलाज पर सवाल उठे हैं। बच्चे के पिता रामलखन ने मोहम्मद हुसैन क्लिनिक के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कोतवाली एफआईआर दर्ज करा दी है।
खांसी-जुकाम की शिकायत पर किया था भर्ती
अमरनगर निवासी रामलखन ने जुकाम-खांसी की शिकायत पर बच्चे को 29 अक्टूबर को क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। करीब आठ घंटे तक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। अगले दिन दोबारा तबियत बिगड़ी तो क्लिनिक पहुंचने पर बच्चे को पांच इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी सांसें रुक गईं।
भीड़ जमा होने पर भागा स्टॉफ
इनसे पहले बच्चे की हालत बिगड़ने पर पिता ने डॉक्टर और स्टाफ से आपत्ति जताई तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। बच्चे की मौत के बाद पिता अपनी सास के साथ क्लिनिक संचालक से बात करने पहुंचे। संचालक ने दोनों को धक्का देकर बाहर निकाल दिया। साथ ही शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। इस दौरान लोग जमा हो गए और हंगामा होने लगा। ये देखकर संचालक व स्टॉफ भाग गए।

कई बार पहले भी हो चुका है विवाद
बच्चे के पिता ने आशंका जताई है कि क्लिनिक में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई। उनका आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर उचित इलाज नहीं मिला। बताया गया कि बगिया अस्पताल नाम से मशहूर इस क्लिनिक का संचालन डॉ. मुब्शशिर हुसैन द्वारा किया जाता है। इससे पहले भी यहां इलाज को लेकर विवाद हो चुका है।






