वाराणसी न्यूज : असलहा तस्करों ने सिपाही को मारी गोली, शहर में नाकेबंदी के बाद एक को लंगडा कर दबोचा
लंका थाने की टीम असलहा सप्लाई की सूचना पर पहुंची थी, लौटूबीर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में लगी दो गोलियां, साथी की तलाश तेज

वाराणसी, 31 अक्टूबर 2026:
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। शुक्रवार रात आशुतोष नगर कॉलोनी में हुई इस घटना में लंका थाने की टीम के सिपाही अमित शुक्ला को दो गोलियां लगीं। उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कुछ देर बाद लौटूबीर इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंजनी फरार हो गया।
सादे कपड़ों में पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि नरिया-सुंदरपुर मार्ग स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी में कुछ लोग असलहे की सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद लंका थाने की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इनमें 38 वर्षीय सिपाही अमित शुक्ला भी शामिल थे। सभी सादे कपड़ों में थे। अमित एक अन्य सिपाही के साथ आगे बढ़े, जबकि दो पुलिसकर्मी पीछे से निगरानी कर रहे थे।
दो तस्करों को पकड़ते ही चला दी गोली
पुलिस टीम ने मौके पर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। इसी दौरान उनमें से एक ने अमित शुक्ला पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी कोहनी के पास लगी, जबकि दूसरी गोली पेट में लगी। उसके कुछ छर्रे अंदर फंस गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। साथी पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी, फिर घायल सिपाही को ट्रामा सेंटर पहुंचाया।

शहर की नाकेबंदी के बाद लौटूबीर में मुठभेड़
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल सिपाही का हाल जाना। इसके बाद शहर के बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू करा दी गई। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:15 बजे लौटूबीर के पास संदिग्ध नजर आए। टीम ने उन्हें घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में दो गोलियां लगीं। वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा।
21 साल का है पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमना के गड़वा घाट निवासी 21 वर्षीय राज विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम अंजनी बताया है, जो दशाश्वमेध का रहने वाला है। आरोपी के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
Varanasi, Uttar Pradesh: DCP Gaurav Banswal says, “Acting on a tip-off about the illegal sale of firearms, a team from Lanka Police Station was dispatched. The accused involved in selling illegal firearms opened fire at the police team, during which Constable Amit Shukla sustained a bullet injury. He was immediately admitted to the Trauma Centre and is currently undergoing treatment. He has been reported to be out of danger…”
— IANS (@ians_india) October 31, 2026
बिहार-मध्य प्रदेश से मंगाए जा रहे असलहे
पुलिस के सामने बीते कुछ महीनों में असलहा तस्करी के कई मामले आए हैं। जांच में सामने आया है कि तस्कर बिहार व मध्य प्रदेश से हथियार मंगाकर वाराणसी में सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, घायल सिपाही की हालत स्थिर है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।






