Varanasi

Varanasi New Delhi Vande Bharat : यूपी को मिली पहली स्लीपर वंदे भारत, काशी से दिल्ली तक बेटी श्रीनी संभालेंगी ट्रेन की कमान

सीएम योगी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, बुलेट ट्रेन के लिए नॉर्थ कॉरिडोर भी मंजूर, प्रयागराज व राजातालाब के लिए भी शुरू हुई मेमू सेवा

वाराणसी, 31 अक्टूबर 2026:

यूपी को आज पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल गई। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की शुरुआत करने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बनारस स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन के संचालन में गाजीपुर की रहने वाली महिला सहायक लोको पायलट श्रीनी श्रीवास्तव की भी अहम जिम्मेदारी रहेगी। रेलवे में वर्ष 2017 में सहायक लोको पायलट के पद पर चयनित श्रीनी फिलहाल वाराणसी रेल मंडल में तैनात हैं। वंदे भारत स्लीपर के साथ ही वाराणसी से प्रयागराज रामबाग और वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच दो मेमू सेवाओं की भी शुरुआत की गई।

रात 8:50 बजे वाराणसी से चलेगी वंदे भारत स्लीपर

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस रात 8:50 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 6:10 बजे यह दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलेगी, जो अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। वापसी सेवा शनिवार को छोड़कर बाकी छह दिन उपलब्ध रहेगी।

इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा। निर्धारित समय के मुताबिक वाराणसी से दिल्ली तक का सफर करीब 9 घंटे 20 मिनट में पूरा होगा। यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। इससे पहले 17 जनवरी 2026 को गुवाहाटी के कामाख्या से हावड़ा के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू हुई थी।

ये भी पढ़ें:

varanasi-delhi-vande-bharat-sleeper-train-shuru (2)

Advertisement

2017 में सहायक लोको पायलट बनी थीं श्रीनी श्रीवास्तव

वंदे भारत स्लीपर के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाली श्रीनी श्रीवास्तव मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई गाजीपुर में ही पूरी की। वर्ष 2017 में रेलवे में सहायक लोको पायलट के पद पर उनका चयन हुआ था। इसके बाद से वह वाराणसी रेल मंडल में तैनात हैं। अब उन्हें वंदे भारत स्लीपर के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

काशी से प्रयागराज जाने वालों को मिलेगी रोजाना मेमू ट्रेन

कार्यक्रम में बनारस और प्रयागराज रामबाग के बीच मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई गई। यह सेवा रोजाना चलेगी। बनारस से ट्रेन सुबह 7 बजे रवाना होकर 9:50 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में प्रयागराज रामबाग से शाम 6 बजे चलकर रात 8:30 बजे बनारस पहुंचेगी।

varanasi-delhi-vande-bharat-sleeper-train-shuru (3)

श्रद्धालुओं व वकीलों को मिलेगी सहूलियत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी से दिल्ली की दूरी रेल से तय करने में पहले 13 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अब यह दूरी मात्र 8 से 9 घंटे में तय करेगी। आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह ट्रेन यात्रियों के समय और श्रम की बचत करने के साथ-साथ उनके सफर को भी अधिक सुविधाजनक बनाएगी। इस ट्रेन के चलने से श्रद्धालुओं के साथ वकीलों को भी सहूलियत मिलेगी। प्रयागराज में इलाहाबाद हाईकोर्ट होने के कारण वाराणसी सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग वहां जाते हैं। नई मेमू सेवा से ऐसे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी। दिवाली से पहले काशी के लोगों को रेल सेवाओं की नई सुविधा मिली है। उन्होंने इन ट्रेनों की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चलेंगी चार जोड़ी मेमू

वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच भी मेमू सेवा शुरू की गई है। इस रूट पर चार जोड़ी यानी कुल आठ ट्रेनें चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से छात्रों, युवाओं, व्यापारियों, किसानों, महिलाओं सहित रोजाना सफर करने वाले लोगों को फायदा होगा। ट्रेन के सभी कोच के साथ ड्राइवर कैब में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

varanasi-delhi-vande-bharat-sleeper-train-shuru (4)

बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को भी मिली मंजूरी

कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित रूट दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा। फिलहाल इसके डिजाइन पर काम चल रहा है।

रेल मंत्री के मुताबिक, इस कॉरिडोर पर दिल्ली से वाराणसी का सफर 3 घंटे 33 मिनट में पूरा हो सकेगा। दिल्ली से कानपुर पहुंचने में 1 घंटा 45 मिनट, आगरा में 59 मिनट और लखनऊ पहुंचने में 2 घंटे 12 मिनट लगेंगे। वाराणसी से लखनऊ का सफर 1 घंटा 21 मिनट, प्रयागराज का 33 मिनट और पटना का सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा। वाराणसी से आगरा पहुंचने में 2 घंटे 34 मिनट लगने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन को हर घंटे चलाने की योजना है। इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले गर्डर, पिलर सहित दूसरे हिस्सों को फैक्ट्री में तैयार किया जाएगा, जिससे निर्माण में एकरूपता बनी रहे। रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का पहला हिस्सा अगले साल शुरू करने की तैयारी है।

ये भी पढ़ें  Kashi Air show : PM के दौरे से पहले योगी की दस्तक, मंदिरों में दर्शन-पूजन किया, परखीं तैयारियां

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link