डबल मर्डर से थर्राया बागेश्वर : भतीजे ने चाचा-चाची पर किए ताबड़तोड़ हमले, दोनों की गई जान
नरगवाड़ी गांव में दो लोगों की हत्या से मचा हड़कंप, डॉक्टरों ने घायलों को अस्पताल में किया मृत घोषित, आरोपी मौके से फरार, पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दे रहीं दबिश

राजकिशोर तिवारी
बागेश्वर, 2 नवंबर 2026ः
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के नरगवाड़ी गांव में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। गांव में एक युवक ने अपने ही चाचा-चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दंपती को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
एक महिला ने मौके से भागकर बचाई अपनी जान
जानकारी के अनुसार नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने रविवार देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान एक महिला ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विवाद की वजह क्या थी और आखिर किन परिस्थितियों में भतीजे ने अपने ही चाचा-चाची की हत्या की, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्याकांड की असल वजह सामने आएगी।






