UP Election 2027 : सपा के ‘लाल टोपी’ पर बसपा का पोस्टर वार, ‘दोगलों से सावधान’ संदेश से सियासी घमासान
अखिलेश यादव और पीडीए के नारे पर बसपा का सीधा हमला, लखनऊ में पोस्टर के जरिए दिखाई सियासी ताकत, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में पोस्टर वॉर ने नया मोड़ ले लिया है। अब तक भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच पोस्टर के जरिए चल रही सियासी जंग में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी कूद पड़ी है। गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती की पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक से पहले लगे एक पोस्टर ने सियासी हलचल तेज कर दी है। पोस्टर के जरिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर निशाना साधा गया है।
बसपा कार्यालय के पास लगे इस पोस्टर में लाल टोपी के साथ बड़े-बड़े अक्षरों में ‘दोगलों से सावधान’ लिखा गया है। इसके साथ ही मायावती की तस्वीर भी लगाई गई है। पोस्टर को सपा की लाल टोपी और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर बसपा के पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। चुनाव से पहले इस तरह के पोस्टर के जरिए बसपा ने साफ संकेत दिया है कि वह सपा को राजनीतिक चुनौती देने के मूड में है।
इससे पहले लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान के विरोध में एक होर्डिंग लगाई गई है। कथित सपा नेता की ओर से लगवाई गई इस होर्डिंग में राम और कृष्ण के नाम पर भेदभाव करने वालों को ढोंगी-पाखंडी व्यापारी बताया गया है। वहीं, एक अन्य होर्डिंग में ‘27 में कृष्ण आएंगे’ का नारा दिया गया है।
इस बीच मायावती ने चुनावी तैयारियों को धार देते हुए छह दिसंबर को बड़े शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है। गुरुवार को पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर विशाल श्रद्धा-सुमन समारोह आयोजित करने की घोषणा की।






