Ayodhya Deepotsav : उपराष्ट्रपति करेंगे 10वें भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ, 56 घाटों पर जगमगाएंगे दीप
13 राज्यों की रामलीला और भव्य शोभायात्रा बनेगी आकर्षण, 2,000 कलाकार बिखेरेंगे सांस्कृतिक छटा, लेजर शो, ड्रोन शो और म्यूजिकल आतिशबाजी से जगमगाएगी रामनगरी

लखनऊ, 7 नवंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर आस्था, भक्ति और भव्यता के अद्भुत संगम की साक्षी बनने जा रही है। दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीए योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। दीपोत्सव के लिए अयोध्या में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों की रोशनी से जगमग होंगे जबकि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप में सजाया जाएगा।
इस बार दीपोत्सव में देश की सांस्कृतिक विविधता और रामायण की गौरवशाली परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को दर्शाती भव्य शोभायात्रा में 13 राज्यों की सहभागिता रहेगी। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
राम की पैड़ी पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो
धर्मपथ समेत प्रमुख मार्गों को थीमैटिक इंटेलिजेंट लाइटिंग और एलईडी पैनलों से सजाया गया है। राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का रोमांच देखने को मिलेगा। रामायण प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी आयोजन में चार चांद लगाएगी।

देश-विदेश के रामलीला दल करेंगे श्रीराम की लीलाओं का मंचन
देश-विदेश के रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। करीब 2,000 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे। आयोजन में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।






