Hardoi City

हरदोई न्यूज : तंज कसने से बिगड़ा माहौल, युवक को मारी गोली, गांव में तनाव के बाद पुलिस तैनात

धनतेरस पर खरीदी थी महंगी बाइक, पेट्रोल खत्म होने पर पड़ोसियों ने उड़ाया था मजाक, दिन में हुई कहासुनी रात में मारपीट तक पहुंची, 3 अन्य घायल

हरदोई, 7 नवंबर 2026:

यूपी के हरदोई में महंगी बाइक खरीदने के बाद पेट्रोल खत्म होने पर शुरू हुआ मजाक दो पक्षों के बीच खूनी विवाद की वजह बन गया। पड़ोसियों के ताने से नाराजगी इतनी बढ़ी कि रात में गांव में चल रहे नौटंकी कार्यक्रम के दौरान फिर भिड़ंत हो गई। इस दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। मारपीट में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

धनतेरस पर खरीदी थी दो लाख की बाइक

मामला हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के बाबरपुर गांव का है। गांव निवासी अभिषेक (28) अपने पिता के साथ खेती-किसानी करता है। शुक्रवार शाम वह अपने चचेरे भाई राजाबाबू (27) के साथ धनतेरस पर खरीदी गई नई R-15 बाइक लेकर घर पहुंचा था। बाइक की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई। घर के पास पहुंचते ही पेट्रोल खत्म हो गया।

वहां मौजूद राजेश उर्फ टमटम, अंशुल समेत कुछ युवकों ने इस पर दोनों भाइयों का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। उन्होंने ताना मारा कि महंगी बाइक खरीदने के पैसे हैं, लेकिन पेट्रोल डलवाने के लिए रुपये नहीं हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए।

ये भी पढ़ें:

नौटंकी देखने पहुंचा अभिषेक, फिर हुआ विवाद

रात में गांव में नौटंकी का कार्यक्रम चल रहा था। अभिषेक भी अपनी बाइक लेकर कार्यक्रम देखने पहुंचा था। इसी दौरान पहले विवाद करने वाले युवक फिर आमने-सामने आ गए। बाइक को लेकर हुई पुरानी कहासुनी दोबारा शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।

Advertisement

आरोप है कि इसी दौरान राजेश (30) ने अभिषेक पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में दाहिनी तरफ लगी। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

चार घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया

इस मारपीट में अभिषेक के अलावा चचेरा भाई राजाबाबू, उनके पिता रावेश समेत एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों, परिजनों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घायल रावेश ने बताया कि बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर पड़ोस के युवकों ने ताना मारा था। इसी बात को लेकर दिन में विवाद हुआ था। रात में नौटंकी के दौरान फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।

गांव में पुलिस बल तैनात, जांच शुरू

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा के मुताबिक, घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें  सिर पर 20 मुकदमे, शातिर चोर को पैर में गोली मारकर दबोचा... मुठभेड़ में सिपाही घायल

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link