UP : SIR में लगे BLO और सुपरवाइजर को सौगात… बढ़ेगा मानदेय! विशेष योगदान के लिए अतिरिक्त भुगतान
ERO-AERO को भी मानदेय दिए जाने की तैयारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा
लखनऊ, 27 नवंबर 2025:
यूपी में वोटरलिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में लगाए गए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और सुपरवाइजरों के लिए खुशखबरी है। उनका मानदेय बढ़ने वाला है। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। वित्त विभाग की मंजूरी मिलते ही बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद BLO को हर महीने 500 के बजाय 1000 रुपये मिलेंगे। यानी सालभर में वे 12,000 रुपये प्राप्त करेंगे। प्रदेश में करीब 1.62 लाख बीएलओ तैनात हैं। SIR में विशेष योगदान को देखते हुए बीएलओ को अतिरिक्त 2,000 रुपये देने का भी प्रस्ताव है।
इसी प्रकार बीएलओ के सुपरवाइजरों का भी मानदेय बढ़ने वाला है। उन्हें 1000 रुपये की जगह 1500 रुपये प्रतिमाह यानी 18,000 रुपये सालाना मिलेंगे। राज्य में 16,795 सुपरवाइजर तैनात हैं।
इस बार SIR में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (AERO) को भी मानदेय दिए जाने की तैयारी है। ERO को 30,000 रुपये और AERO को 25,000 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे।
यूपी में 403 ERO और 2042 AERO कार्यरत हैं। वित्तीय मंजूरी मिलते ही इस बढ़े हुए मानदेय का लाभ सभी को मिलने लगेगा। इससे SIR अभियान में लगे कार्मिकों का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है।






