Lucknow CityReligious

पर्यटकों के लिए जरूरी सूचना… इमामबाड़ा-भूलभुलैया, पिक्चर गैलरी सहित कई पर्यटन स्थल कल रहेंगे बंद

21 रमजानुल मुबारक पर पुराने लखनऊ में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस और मजलिसों के चलते हुसैनाबाद एवं संबद्ध ट्रस्ट ने लिया निर्णय

लखनऊ, 10 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित ऐतिहासिक धरोहर बड़ा इमामबाड़ा (भूलभुलैया) समेत कई प्रमुख स्मारक बुधवार को पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। हुसैनाबाद एवं संबद्ध ट्रस्ट की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि रमजान के 21वें दिन होने वाले विशेष धार्मिक आयोजनों और जुलूसों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

ट्रस्ट के अनुसार 11 मार्च को पड़ रहे 21 रमजानुल मुबारक (1447 हिजरी) के अवसर पर पुराने लखनऊ में बड़े पैमाने पर मजलिसें और जुलूस आयोजित किए जाते हैं। भारी भीड़ और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए इन ऐतिहासिक स्थलों को एक दिन के लिए बंद रखा जाएगा।

WhatsApp Image 2026-03-10 at 4.28.49 PM

इस आदेश के तहत बड़ा इमामबाड़ा, उसकी प्रसिद्ध भूलभुलैया, बावली, शाही हम्माम, छोटा इमामबाड़ा और पिक्चर गैलरी सहित हुसैनाबाद ट्रस्ट के अधीन आने वाले प्रमुख पर्यटन स्थल आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। इन स्थानों पर 11 मार्च को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि यह बंदी केवल एक दिन के लिए है। 12 मार्च से सभी स्मारक अपने निर्धारित समय के अनुसार फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। दरअसल रमजान का 21वां दिन शिया समुदाय के लिए बेहद अहम और शोक का दिन माना जाता है। इसी दिन हजरत अली की शहादत हुई थी। उनकी याद में पुराने लखनऊ में पारंपरिक जुलूस निकलते हैं और बड़ी संख्या में लोग मजलिसों में शामिल होते हैं। इसी कारण प्रशासन और ट्रस्ट की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इन ऐतिहासिक इमारतों को एक दिन के लिए बंद रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button